स्पेन से शुरू करेंगी टोक्यो ओलम्पिक की तैयारी
मान्यवर :- छह बार की विश्व चैम्पियन दिग्गज भारतीय मुक्केबाज एम सी मैरीकॉम एक साल बाद बॉक्सिंग रिंग में वापसी को तैयार है | 37 वर्षीय मैरीकॉम स्पेन के केस्टेलोन में 1 मार्च से 7 मार्च तक आयोजित बोकसम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी | गौरतलब है कि कोरोना के चलते पिछले साल मार्च से मैरीकौम रिंग में नहीं उतरी हैं | 2012 की लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता पिछले साल के अंत में डेंगू से भी ग्रसित थी | बेंगलूर में आयोजित राष्ट्रीय शिविर से उन्होंने वापिस अपनी तैयारी शुरू की हैं |
ओलम्पिक की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण है ये टूर्नामेंट
51 किलो वर्ग में खेलने वाली एम सी मैरीकॉम पिछले साल ही टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं | ओलम्पिक की तैयारी के मद्देनजर उनके लिए ये टूर्नामेंट बेहद अहम है | मैरीकॉम के साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मनीष कौशिक पर भी सबकी निगाहें रहेंगी | वो 63 किग्रा वर्ग में इस टूर्नामेंट में शिरकत करेंगे | विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित पंघाल (52 किग्रा) भी स्पेन में होने वाले इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे | उन्होंने हाल में जर्मनी में कोलोन विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था |
11 अन्य मुक्केबाज भी दिखाएंगे दमखम
इसके अलावा हुसामुद्दीन मोहम्मद (57 किग्रा),विकास कृष्ण यादव (69 किग्रा),आशीष कुमार (75 किग्रा), सुमित सांगवान (81 किग्रा), संजीत (91 किग्रा) और सतीश कुमार (+91 किग्रा) भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे | इनमें से अमित, विकास, आशीष, सतीश और मनीष टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं | महिला वर्ग में जास्मीन नया चेहरा हैं, वह 57 किग्रा वर्ग में एशियाई चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा मोन के साथ चुनौती पेश करेंगी | साथ ही सिमरनजीत कौर (60 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा) और पूजा रानी (75 किग्रा) कैटेगरी में भाग लेंगी | ये तीनों ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर चुकी हैं |