You are currently viewing Amritpal ने हुलिया बदला, दाढ़ी छोटी की:बाइक पर फरार होने की तस्वीर सामने आई; उसकी पत्नी बब्बर खालसा की मेंबर, फंड जुटाती है

Amritpal ने हुलिया बदला, दाढ़ी छोटी की:बाइक पर फरार होने की तस्वीर सामने आई; उसकी पत्नी बब्बर खालसा की मेंबर, फंड जुटाती है

जालंधर (ब्यूरो):- वारिस पंजाब दे संगठन का प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह अब अपना हुलिया बदल चुका है। सामने आई आखिरी फुटेज में वह मोटरसाइकिल के पीछे बैठा दिख रहा है। उसने बाणा उतार काले रंग का चश्मा, गुलाबी रंग की पगड़ी, ग्रे रंग की पेंट और जिपर पहन रखा है। उसने किरपाण भी छोड़ दी है। अपनी दाढ़ी भी छोटी कर ली है।

(खबर दैनिक भास्कर के सौजन्य से )

अमृतपाल ने अपना यह हुलिया नंगल अंबिया गांव के गुरुद्वारे में बदला। गुरुद्वारे से निकलने के बाद वह कार से किसी और जगह गया, जहां दो बाइक सवार उसे साथ ले गए। अभी तक पुलिस इस मामले में सभी 4 कारें जब्त कर चुकी है, अमृतपाल ने इनका इस्तेमाल किया था। आखिरी बार वह ब्रेजा में सवार हुआ। यह कार शाहकोट में मनप्रीत मन्ना के घर से बरामद की गई है। मन्ना को अमृतपाल का मीडिया एडवाइजर बताया जा रहा है। ब्रेजा कार मामले में मन्ना समेत गुरदीप दीपा, हरप्रीत हैप्पी और गुरभेज भेज्जा की गिरफ्तारी हो चुकी है। 315 बोर राइफल, वॉकी टॉकी और तलवारें जब्त की गई हैं। अब पुलिस को दो मोटरसाइकिल सवारों की तलाश है।

पत्नी भी बब्बर खालसा की मेंबर, फंड जुटाती है

अमृपताल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर NRI है। वह बब्बर खालसा की एक्टिव मेंबर है। एक सीनियर ब्रिटिश खुफिया अफसर ने भास्कर को बताया कि किरणदीप बब्बर खालसा के लिए फंड जुटाती है। 2020 में उसे और 5 लोगों को बब्बर खालसा के लिए पैसे जुटाने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। वह ब्रिटेन से खालिस्तान मूवमेंट के लिए फंडिंग कर रही थी।

अपडेट्स…

ब्रिटिश हाईकमीशन से तिरंगा उतारने वाला अवतार सिंग खंडा गिरफ्तार। खंडा खालिस्तान समर्थक संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल का मेंबर है।
अवतार सिंह खंडा ही अमृतपाल का हैंडलर है। वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी परमजीत सिंह पम्मा का खास है।
अमृतपाल के भागने की पूरी कहानी

1. पुलिस ने 18 मार्च को पीछा शुरू किया

शनिवार यानी 18 मार्च सुबह तकरीबन 11:15 बजे के करीब पुलिस ने प्लानिंग के अनुसार अमृतपाल की मर्सिडीज कार का पीछा शुरू किया। अमृतपाल को इसकी भनक लग चुकी थी। अमृतपाल ने अपनी मर्सिडीज शाहकोट-मोगा हाईवे पर बाजवा कलां गांव के पास बने फ्लाईओवर के नीचे छोड़ दी। मर्सिडीज को चाचा व ड्राइवर ले गए। इसके बाद वह एक ब्रेजा कार में बैठ भाग गया।

2. मर्सिडीज चाचा ले गया, अमृतपाल ब्रेज में सवार हो गया

ब्रेजा में अमृतपाल के ही एक शागिर्द मनप्रीत ने उसे दादोवाल गांव तक पहुंचाया। वहां उसने नशा मुक्ति केंद्र में युवकों से कपड़े लिए। इसके बाद मनप्रीत उसे नंगल अंबिया गांव में बने गुरुद्वारे में ले गया। यह ब्रेजा कार किसी और की नहीं, अमृतपाल के ही मीडिया एडवाइजर पपलप्रीत सिंह की थी।

3. गुरुद्वारे में ग्रंथी को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार अमृतपाल व उसके साथी गांव नंगल अंबिया के गुरुद्वारा में पहुंचे। यहां ग्रंथी को हथियारों के बल पर बंधक बनाया गया। एक घंटा वे यहां रुके। अमृतपाल ने खाना खाया, कपड़े बदले और अपना हुलिया भी।

4. फोन पर हरियाणा के रेवाड़ी में बातचीत
अमृतपाल सिंह के साथी गुरुद्वारा में उसे भगाने की प्लानिंग कर रहे थे। उसके साथियों ने हरियाणा के रेवाड़ी में किसी से बातचीत की। इसके बाद कार में ही वह गांव के एक स्मारक के पास पहुंचा। जहां दो बाइक पर तीन युवक पहले से ही उसका इंतजार कर रहे थे। यहां मनप्रीत ब्रेजा लेकर अपने घर पहुंच गया और अमृतपाल बाइक पर भाग गया।

5. अंतिम लोकेशन फिरोजपुर-मोगा सड़क
अमृतपाल सिंह की अंतिम लोकेशन फिरोजपुर-मोगा रोड की तरफ की है। CCTV में वह अंतिम बार वहां स्पॉट हुआ है। इसके आगे की जांच अभी पुलिस कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार CCTV फुटेज में वह फिरोजपुर की तरफ मुड़ गया है। नंगल अंबिया गांव से यह सड़क फिरोजपुर और मोगा दोनों रास्तों पर मिलती है। अमृतपाल बठिंडा या राजस्थान भी निकला जा सकता है।

ग्रंथी को बंधक बनाने के मामले में भी दर्ज हो सकता है केस
ग्रंथी के बयानों के आधार पर पुलिस अमृतपाल सिंह पर एक और मामला दर्ज कर सकती है। ग्रंथी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे को देखने लिए लड़की वाले आ रहे थे। ग्रंथी ने समझा कि अमृतपाल लड़की पक्ष की ओर से है। उन्होंने उसे अंदर बुला लिया। ग्रंथी की पत्नी नरिंदर कौर ने बताया कि हथियारों के बल पर उन्हें एक घंटे तक बंदी बना कर रखा गया।

उनके पास पिस्तौल, राइफलें, तलवारें भी थीं। अमृतपाल फोन पर किसी को बुला रहा था। अमृतपाल ने उनके बेटे के ही कपड़े पहने और तकरीबन एक घंटे बाद वहां से चला गया।
अमृतपाल पर हाईकोर्ट में 21 मार्च को सुनवाई हुई, कोर्ट ने पंजाब सरकार से 2 सवाल किए
1. देश के लिए खतरा तो पकड़ा क्यों नहीं?

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने मंगलवार को सरकार से पूछा कि जब एफिडेविट में अमृतपाल को देश के लिए खतरा बताया तो उसे अभी तक पकड़ा क्यों नहीं गया? जवाब: पंजाब सरकार के एडवोकेट जनरल विनोद घई ने कहा कि अमृतपाल अभी फरार है। उस पर NSA लगाया गया है। A​​​​​G ने कहा कि बहुत सी बातें वह यहां नहीं बता सकते।

2. 80 हजार पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे?

हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से कहा कि आपके 80 हजार पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे। साथी पकड़े गए तो अमृतपाल कैसे भाग गया। यह आपका इंटेलिजेंस फेलियर है। 4 दिन बाद फिर इस मामले की सुनवाई होगी।

अब तक 154 हिरासत में
इस पूरे मामले में अमृतपाल सिंह के साथियों के अलावा भागने में उसकी मदद करने वाले कुल 154 लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं। पुलिस इस पूरे मामले में किसी को बख्शने के मूड में नहीं है। पकड़े गए आरोपियों के अलावा पुलिस अब अमृतपाल सिंह के पारिवारिक सदस्यों के बारे में भी जानकारियां हासिल करना शुरू हो गए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को देश की विभिन्न जेलों में भेजने की प्लानिंग है, जिसके लिए 13 जेलें आइडेंटिफाई की जा चुकी हैं।

                                    पुलिस द्वारा जारी किए गए अमृतपाल के अलग-अलग लुक्स

500 करीबी NIA की रडार पर
NIA की टीम हथियारों, विदेशों से लिंक, फंडिंग और ISI से लिंक की जांच कर रही है। पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के 458 करीबियों की पहचान कर NIA को उनकी सूची सौंपी है। इन्हें ए, बी और सी कैटेगरी में बांटा गया है। ए कैटेगरी के 142 लोग हैं जो 24 घंटे अमृतपाल के साथ रहते थे। बी कैटेगरी में 213 वो लोग हैं जो फाइनेंस और संगठन का काम देखते हैं। NIA की आठ टीमें पंजाब पहुंच गई हैं और इन टीमों ने अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, गुरदासपुर, जालंधर जिलों में जांच शुरू कर दी है। इसी लिस्ट में पत्नी किरणदीप कौर भी है।