You are currently viewing लुधियाना में पूर्व कांग्रेसी MLA वैद्य के घर रेड आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस की दबिश  प्रॉपर्टी के कागजात और बैंक खाते खंगाल रहे अफसर

लुधियाना में पूर्व कांग्रेसी MLA वैद्य के घर रेड आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस की दबिश प्रॉपर्टी के कागजात और बैंक खाते खंगाल रहे अफसर

जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब पुलिस के विजिलेंस ब्यूरो ने पूर्व कांग्रेसी MLA कुलदीप सिंह वैद्य के घर रेड की है। बताया जा रहा है कि विजिलेंस ब्यूरो की टीम वैद्य के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच कर रही है और इसी कड़ी में सोमवार सुबह लुधियाना में उनके सराभा नगर स्थित आवास पर दबिश दी गई। सूत्रों के अनुसार, वैद्य की प्रॉपर्टी के कागजात और बैंक अकाउंट चेक किए जा रहे हैं।

विजिलेंस की टीम कुलदीप वैद्य के सराभा नगर स्थित आवास और उसके बगल में बनाए गए रेस्टोरेंट की जांच कर रही है। इस प्रॉपर्टी की पैमाइश के अलावा पूर्व विधायक के परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ चल रही है। सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस अफसरों ने पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद्य को भी घर में बैठा रखा है और उनसे सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।

कुलदीप सिंह वैद्य 2017 के विधानसभा चुनाव में लुधियाना जिले की गिल सीट से कांग्रेस के विधायक चुने गए। कैप्टन सरकार के दौरान वह पंजाब वेयर हाउस कार्पोरेशन के चेयरमैन भी रहे। विजिलेंस अधिकारी वैद्य पर कई महीनों से नजरें जमाए थे और सोमवार सुबह पुख्ता सूचना के बाद छापेमारी की गई। पंजाब विजिलेंस के अधिकारी फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी साझा नहीं कर रहे।

कुलदीप सिंह वैद्य पंजाब सिविल सर्विस (PCS) के 1992 बैच के अफसर हैं और वर्ष 2007 में वह आईएएस अफसर के तौर पर प्रमोट हो गए थे। वैद्य मोगा के डीसी रहने के अलावा लुधियाना के एडीसी और ग्रेटर लुधियाना एरिया डवलपमेंट अथॉरिटी (गलाडा) के एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर भी रहे।

वर्ष 2016 में कुलदीप सिंह वैद्य ने सिविल सर्विस सेवा से रिजाइन करके कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली थी। 2017 में कैप्टन अमरिंदर सिंह की लहर में वह लुधियाना जिले की गिल सीट से कांग्रेस के विधायक चुने गए।

कुलदीप सिंह वैद्य पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी बताए जाते हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के टारगेट पर है और उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया जा चुका है। इसी कड़ी में विजिलेंस अफसरों के हाथ कुछ सुराग लगे जिसके बाद वैद्य के घर दबिश दी गई।

कई पूर्व कांग्रेसी नेताओं पर कस चुका शिकंजा पंजाब में सालभर पहले भगवंत सिंह मान की अगुवाई में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनने के बाद कांग्रेस के तमाम बड़े नेता सरकार के निशाने पर है। विजिलेंस ब्यूरो कांग्रेस के कई पूर्व मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ जांच शुरू कर चुका है। इनमें से कई पूर्व मंत्रियों को तो गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इनमें भारत भूषण आशू, साधुसिंह धर्मसोत, सुंदर शाम अरोड़ा और संगत सिंह गिलजियां शामिल हैं।

पंजाब के पूर्व राजस्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के खिलाफ भी आय से अधिक संपत्ति की जांच चल रही है। कांगड़ भी कैप्टन के साथ BJP जॉइन कर चुके हैं।

इसके अलावा पूर्व कांग्रेसी विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों के फार्महाउस पर भी विजिलेंस की टीमें रेड कर चुकी हैं। किक्की ढिल्लों को पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। विजिलेंस ने उनके निर्माणाधीन फार्महाउस की पैमाईश की थी। पठानकोट के पूर्व कांग्रेसी विधायक अमित विज के खिलाफ भी विजिलेंस पठानकोट नगर निगम में की गई अनिमितताओं से जुड़ी शिकायत की जांच कर रहा है। 2022 के चुनाव में लुधियाना जिले की दाखा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके कैप्टन संदीप संधू के खिलाफ भी विजिलेंस ने मामला दर्ज कर रखा है।

अगला निशाना चन्नी पर पंजाब की AAP सरकार के निशाने पर अब पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता चरणजीत सिंह चन्नी हैं। विजिलेंस ब्यूरो चन्नी के खिलाफ आय से अधिक मामले में लुक आउट सर्कुलर जारी कर चुका है ताकि वह विदेश न भाग पाएं। हाल ही में बजट सेशन के दौरान विधानसभा सदन के अंदर CM भगवंत मान ने भी चन्नी के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए थे।