You are currently viewing पंजाब में 2 महिला कर्मचारियों का AUDIO:ट्रांसफर के लिए पैसों के लेन-देन की बात हुई, MLA खैहरा ने मंत्री के बेटे पर उठाए सवाल

पंजाब में 2 महिला कर्मचारियों का AUDIO:ट्रांसफर के लिए पैसों के लेन-देन की बात हुई, MLA खैहरा ने मंत्री के बेटे पर उठाए सवाल

जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब में दो महिला कर्मचारियों की ऑडियो वायरल हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह बातचीत किन कर्मचारियों के बीच में हो रही है, लेकिन ऑडियो पर कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैहरा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा दिए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की भी मांग उठा दी है

ऑडियो को भुलत्थ से कांग्रेसी विधायक सुखपाल खैहरा ने ट्वीट किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस ऑडियो की जांच के लिए भी कहा है। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के बीच इस ऑडियो में धन के लेन-देन (भ्रष्टाचार) के संबंध में जांच के आदेश देने चाहिए। विशेष रूप से कृषि मंत्री कुलदीप धालीवाल के बेटे खुशपाल की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। यह एक और फौजा सरारी कांड है, जो पंजाब में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को उजागर करता है।

काम के बाद पैसों को लेकर हो रही बातचीत
ऑडियो में ट्रांसफर के लिए पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत हो रही है। जिसमें एक महिला सीनियर को पैसे देने और ऊपर उनके पति के खुद जाने की बात कर रहे हैं।

ऑडियो के कुछ अंश

पहली महिला – बदली हो जाने दो, सर को बोलो उन्हें भी दे देंगे। मेरे पति तो वहां जाकर सीधी बात कर रहे हैं, वे पूछ लेंगे कि उन्हें क्या चाहिए।

दूसरी महिला – इन बंदों (पुरुषों) से बातचीत नहीं होगी।

पहली महिला- हो जाएगी। एमसी का प्रधान भट्‌टी साथ जा रहा है। ऊपर फोन भी जा रहे हैं। खुशपाल का फोन गया है डीपी सर को… धारीवाल के बेटे का। मदान का भी गया है, जो सर का पीए है।

दूसरी महिला- अच्छा… अच्छा।

पहली महिला – अब आप सर से कहो कि उनके साथ जो पर्सनली बात है, वे हम यहीं कर लेते हैं।

दूसरी महिला – सर को कितने तक कहूं।

पहली महिला – यह अब आप खुद देखो। मुझे तो इसके बारे में कुछ पता ही नहीं है। मुझे भी घर में पति से बात करनी है।

दूसरी महिला – चलो मैं सीडीपीओ को 20 हजार का कह देती हूं।

पहली महिला – कह दो। इतना तो ठीक है। हमने तो इन्हीं सीडीपीओ के ही मुंह लगना है।

दूसरी महिला – मैं कह देती हूं। मैं यह भी कह दूंगी कि उनका तो फ्री में… इसके बाद ऑडियो खत्म हो जाती है।