You are currently viewing केडी भंडारी समेत 14 आरोपी अंडरग्राउंड जालंधर के कालिया सुसाइड केस में नामजद, बचने के लिए अग्रिम जमानत लेने में जुटे

केडी भंडारी समेत 14 आरोपी अंडरग्राउंड जालंधर के कालिया सुसाइड केस में नामजद, बचने के लिए अग्रिम जमानत लेने में जुटे

जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के जालंधर में कांग्रेस के पूर्व पार्षद सुशील कालिया उर्फ विक्की को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले मुजरिमों में से अभी तक एक की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के केस दर्ज करने के तीन दिन बाद भी खाली हाथ हैं।

पूर्व भाजपा विधायक केडी भंडारी समेत सभी 14 लोग नामजद होने के बाद अंडरग्राउंड हो गए हैं। सभी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने-अपने वकीलों के माध्यम से अग्रिम जमानत लेने में जुट गए हैं।

भंडारी के खिलाफ केस दर्ज होने पर भाजपा भड़की

इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी कृष्ण देव भंडारी के खिलाफ केस दर्ज होने पर मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं ने केस तो गलत ठहराते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर केस दर्ज होंगे तो फिर कौन आगे आएगा। भाजपा नेता अशोक सरीन ने कहा कि भंडारी अंडरग्राउंड नहीं। वह कल भाजपा की बैठक में भी आए थे। लोगों से मिल रहे हैं।

भाजपा प्रधान सुशील शर्मा ने कहा कि अभी सुसाइड नोट पर एफआईआर दर्ज हुई है। इसकी जांच पुलिस कर रही है। खुद केडी भंडारी ने निष्पक्ष जांच की मांग पुलिस कमिश्नर से की है। उन्होंने कहा कि भंडारी कोई अग्रिम जमानत के प्रयास नहीं किए हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस गलत केस में भंडारी को क्लीन चिट मिलेगी।

सुसाइड नोट में लिखे थे केडी भंडारी समेत 14 लोगों के नाम
वार्ड नंबर 64 से पार्षद सुशील कालिया उर्फ विक्की ने सुसाइड करने से पहले एक नोट लिखा था। यह सुसाइड नोट परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया था। इस सुसाइड नोट में कालिया ने पूर्व विधायक केडी भंडारी, राजकुमार उनकी पत्नी अंजू, आकाश शर्मा, जतिंद्र चोपड़ा, गिन्नी चोपड़ा निवासी शिव नगर, राजन शारजा उनकी बेटी कृतिका, अश्विनी, विनोद सभी निवासी भगत सिंह कॉलोनी, राकेश मल्होत्रा निवासी इंडस्ट्रियल एरिया और जय महेंद्रू के नाम लिखे थे। मरने से पहले अपनी मौत का जिम्मेदार इन्हें ठहराया था।