जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के जालंधर शहर में अब नगर निगम ने अवैध रूप से कब्जा करते बैठे लोगों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम की टीम ने बस अड्डे के पास अवैध रूप से बने खोखों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तोड़ डाला।
खोखों में जो सामान पड़ा था उसे भी जब्त कर लिया है। निगम की टीम जब अवैध खोखों को हटा रही थी तो वहां पर कुछ लोगों ने निगम के अधिकारियों के साथ बहस भी की और जमकर हंगामा भी किया।
बस अड्डे पर अवैध खोखों को हटाने की कार्रवाई नगर निगम की तह बाजारी विभाग की टीम ने की। मौके पर नगर निगम से लाव लश्कर लेकर सुपरिटेंडेंट मनदीप सिंह पहुंचे हुए थे। निगम की कार्रवाई के दौरान कुछ हंगामा कर रहे लोग मनदीप सिंह के पास जा पहुंचे और उनसे खोखे गिराए जाने से पहले नोटिस दिए जाने की मांग करने लगे। यहां तक कहने लगे कि वह उन्हें खोखे गिराने के बारे में कमिश्नर की तरफ से जारी आदेश दिखाएं।
अवैध कब्जे पर जारी नहीं होता नोटिस
जब लोग बस अड्डे के पास खोखे गिराए जाने का विरोध कर रहे थे और बार-बार नोटिस की बात कर रहे थे तो तह बाजारी विभाग के सुपरिटेंडेंट मनदीप सिंह कहा कि अवैध कब्जों पर नगर निगम नोटिस जारी नहीं करता है। उन पर सीधे कार्रवाई होती है। नोटिस निगम उसी सूरत में जारी करता है, जहां पर जमीन व्यक्ति की अपनी हो, लेकिन उस पर निर्माण गलत तरीके से किया जा रहा हो। जो चीज है ही पूरी तरह से अवैध उस पर कैसा नोटिस।
खोखों में चलते थे ट्रांसपोर्टरों के दफ्तर, ढाबे और अन्य दुकानें
रोडवेज की वर्कशॉप के मुख्य गेट के साथ बने खोखों में ट्रांसपोर्टरों के दफ्तर, ढाबे, टायर पंक्चर, सब्जी और बीड़ी सिगरेट बेचने की दुकानें चलती थीं। लोग यहां पर कई सालों से खोखे बनाकर अपना धंधा चलाए हुए थे। अवैध खोखों को लेकर पीआरटीसी के जीएम ने नगर निगम में शिकायत की थी कि ट्रांसपोर्टर बस अड्डे के पास खोखों में अवैध रूप से दफ्तर खोल कर अवैध रूप से सवारियां भरते हैं। जिससे सरकारी खजाने को चूना चल रहा है। जीएम की शिकायत पर नगर निगम की तह बाजारी विभाग की टीम ने कार्रवाई की।