You are currently viewing Jalandhar में मामूली विवाद के बाद चलाई गोलियां:एक की मौत, बुजुर्ग महिला घायल; नशे में बाइक से कार को मारी थी टक्कर

Jalandhar में मामूली विवाद के बाद चलाई गोलियां:एक की मौत, बुजुर्ग महिला घायल; नशे में बाइक से कार को मारी थी टक्कर

जालंधर (ब्यूरो): पंजाब के जालंधर में थाना रामामंडी के तहत आने वाले सतनामपुरा (गुरुनानकपुरा) में देर रात गोलियां चलने से दहशत फैल गई। इस गोलीकांड में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला घायल हुई है। महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मरने वाले व्यक्ति की पहचान रूड़कां (गोराया) निवासी रविंदर सिंह उर्फ सोनू रूड़कां के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला को शहर के ऑक्सफोर्ड अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी पहचान कुलजीत कौर के रूप में हुई है।

मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर लिया पंगा: सतनामपुर निवासी बलजिंदर सिंह जो कि एक बाउंसर कंपनी भी चलाता है उसे मिलने के लिए उसका दोस्त रविंदर उर्फ सोनू आया हुआ था। बलजिंदर, सोनू और उनकी माता घर के बाहर कार के पास खड़े थे। इतने में बलजिंदर के ताया का लड़का गुरमीत सिंह औलख जो कि टैक्सी यूनियन का प्रधान है, बाइक पर आया और कार में टक्कर दे मारी। इस पर मामूली सा विवाद हो गया। गुरमीत पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। बलजिंदर ने किसी तरह से अपने ताय के लड़के गुरमीत औलख को अपने घर के साथ ही लगते उनके घर के गेट के अंदर पहुंचाया।

गुरमीत घर से उठा लाया हथियार और चला दी गोलियां: गुरमीत औलख को जैसे ही चाचा का लड़का बलजिंदर उसके घर के अंदर छोड़ कर आया तो कुछ ही देर में वह हाथ में अपना लाइसेंसी हथियार लेकर आ गया। उसने आते ही सीधे पहली गोली रविंदर सोनू को मारी। गोली छाती पर लगी। वह वहीं पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दूसरी गोली गुरमीत ने अपने चाचा के लड़के बलजिंदर औलख को मारी लेकिन वह बच गया। तीसरी गोली उसने अपनी चाची और बलजिंदर की माता कुलजीत कौर को मारी। गोली कुलजीत कौर के पांव में जाकर लगी। गोलियां मारने के बाद गुरमीत अपने घर में छिप गया।

घायल महिला निजी अस्पताल में भर्ती, डैड बॉडी सिविल में रखवाई : बलजिंदर और उनके पड़ोसी तुरंत प्रभाव से गोली लगने के बाद रविंदर सोनू और बलजिंदर की माता कुलजीत कौर को ऑक्सफोर्ड अस्पताल में लेकर आए। जहां से रविंदर सोनू को डैड डिक्लेयर कर उसकी बॉडी सिविल अस्पताल में भिजवा दी। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी नॉर्थ निर्मल सिंह एसएचओ रामामंडी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोली मारने वाले गुरमीत सिंह औलख को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों की किसी बात को लेकर कोई पुरानी रंजिश चल रही थी।