You are currently viewing सिविल हॉस्पिटल की नर्स को महिला ने जड़ा थप्पड़ : हॉस्पिटल स्टाफ हड़ताल पर , बोले आरोपी महिला ना पकड़ी तो सभी सेवाएं करेंगे ठप

सिविल हॉस्पिटल की नर्स को महिला ने जड़ा थप्पड़ : हॉस्पिटल स्टाफ हड़ताल पर , बोले आरोपी महिला ना पकड़ी तो सभी सेवाएं करेंगे ठप

जालंधर (ब्यूरो): जालंधर के सिविल अस्पताल में स्टाफ पर गलत काम करवाने के लिए दबाब, तोड़फोड़ औऱ मारपीट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी जालंधर के वेस्ट के विधायक शीतल अंगुराल के भाई के साथ अस्पताल में आए समर्थकों द्वारा तोड़फोड़ करने और स्टाफ पर मनमाफिक मेडिकल लीगल रिपोर्ट बनाने का मामला सुलझा भी नहीं है कि पिछली रात स्टाफ नर्स के मारपीट का मामला सामने आ गया है। सिविल अस्पताल में मारपीट के बाद विरोध में स्टाफ कामकाज छोड़ कर हड़ताल पर बैठ गया है। अस्पताल के स्टाफ का कहना है कि जिस महिला ने स्टाफ के साथ मारपीट की है वह लुधियाना की है। स्टाफ ने अस्पताल प्रशासन को दोपहर तीन बजे तक समय दिया है। स्टाफ ने कहा कि तीन बजे कर महिला ना पकड़ी गई तो वह सारी सेवाएं ठप कर देंगे। सिविल अस्पताल के जच्चा बच्चा वार्ड में महिला की डिलिवरी करवा रही एक नर्स को एक महिला थप्पड़ जड़ कर फरार हो गई। स्टाफ नर्स कंवरदीप कौर ने बताया कि वह लेबर रूम में महिला की डिलिवरी करवा रही थी। वहां पर एक महिला आ गई। महिला शायद जिस महिला की डिलिवरी करवा रही थी उसकी ही कोई रिश्तेदार थी। उन्होंने महिला को लेबर रूम से बाहर जाने के लिए कहा। लेकिन वह बार-बार मना करने के बाद मान नहीं रही थीं। अंत में वह गालियां निकालती हुई बाहर चली गईं।

लेकिन जैसे ही स्टाफ नर्स कंवरदीप कौर डिलिवरी करवा बाहर आई तो उस महिला ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। कंवरदीप को महिला के चंगुल से वहां पर मौजूद डॉक्टर अंकिता ने छुड़ाया। मारपीट के बाद महिला अस्पताल से फरार हो गई। नर्सिंग स्टाफ यूनियन ने अपनी शिकायत अस्पताल प्रशासन के माध्यम से पुलिस थाना डिवीजन नंबर 4 में भेज दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमला करने वाली महिला के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जो भी कानूनी कार्रवाई होगी उसे अमल में लाया जाएगा। जबकि दूसरी तरफ हड़ताल पर गए स्टाफ का कहना है कि सिविल अस्पताल में स्टाफ पूरी तरह से असुरक्षित है। कोई अस्पताल में आकर धमका कर चला जाता है और कोई भी आकर स्टाफ को पीटकर भाग जाता है। स्टाफ का कहना है कि जब तक हमला करने वाली महिला को नहीं पकड़ा जाता पर मामला दर्ज नहीं किया जाता वह काम नहीं करेंगे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि यहां पर ड्यूटी करने वाले स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करवाई जाए।