You are currently viewing श्रीराम से लेकर रावण तक रामलीला में सभी पात्र महिलाएं, चंडीगढ़ के हाईकोर्ट की वकील से लेकर बैंकर कर रही अभिनय

श्रीराम से लेकर रावण तक रामलीला में सभी पात्र महिलाएं, चंडीगढ़ के हाईकोर्ट की वकील से लेकर बैंकर कर रही अभिनय

जालंधर (ब्यूरो): आपने रामलीला में कई कलाकार देखे होंगे जो श्रीराम, माता सीता, रावण से लेकर अन्य किरदारों का अभिनय करते हैं, लेकिन ऐसी रामलीला आपने नहीं देखी होगी, जिसमें हर किरदार में महिलाएं ही हैं। जी हां ट्राईसिटी की महिलाओं की संस्था ही रामलीला का मंचन कर रही हैं। 32 महिलाओं का यह ग्रुप भगवान श्रीराम, रावण, कुभंकर्ण, मेघनाद, विभीषण तक का किरदार निभा रही हैं। खास बात यह है कि इस रामलीला में एक भी पुरुष कलाकार नहीं है। यह रामलीला चंडीगढ़ के साथ लगते जीरकपुर के पीरमुछल्ला में 26 सितंबर से शुरू हो रही है। खास बात यह है कि इस रामलीला में सात से 77 वर्ष की 32 महिलाएं हैं। श्रीरामलीला में अभिनय करने वाली महिलाओं में पेशे से पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट की एडवोकेट, बिजनेस वूमेन, बैंकर और फाइनेंसर भी हैं। इनके अलावा स्कूल और कालेज की छात्राएं भी हैं। इसमें माता कौशल्या का अभिनय 77 वर्ष की पुष्पा जुनेजा कर रही हैं। जड़ों से जुड़ो स्वयंसेवी संस्था की ये महिलाएं रामलीला का मंचन कर रही हैं। संस्था की संस्थापक एकता नागपाल बताती हैं कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ सिर्फ महिला का नौकरी करना नहीं होता। महिला आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ सामाजिक सामाजस्य बिठाने के भी काबिल होनी चाहिए। इसी सोच को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था की तरफ से यह कोशिश की गई है। हालांकि इस रामलीला का निर्देशन पुरुष कर रहे हैं।