जालंधर(ब्यूरो) :Aam Aadmi Party Tiranga Yatra In Himachal, मौसम ने पालमपुर में केजरीवाल व भगवंत मान के बढ़ते कदमों को रोक दिया है। आम आदमी पार्टी 12 जुलाई को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा पालमपुर में आयोजित करने जा रही थी। जिसमें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित जिला कांगड़ा की तमाम विधानसभा क्षेत्रों के लोग व कार्यकर्ता शिरकत करने जा रहे थे। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारियों ने भी पहुंचना था। लेकिन आयोजन से 24 घंटे पहले आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को स्थगित कर दिया है। पार्टी के पदाधिकारी इस तिरंगा यात्रा को स्थगित करने के पीछे मौसम को वजह बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बीते दो दिनों से मौसम का अलर्ट है और अधिक बारिश होने की चेतावनी आज भी जारी की गई है, ऐसे में कई रास्ते भी बीच बीच में भूस्खलन व पेड़ गिरने आदि से बाधित हो रहे हैं। लोगों के जीवन को संकट में न डालते हुए आम आदमी पार्टी ने रैली को ही स्थगित कर दिया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज पंडित ने बताया कि मौसम विभाग का अलर्ट है और जगह जगह भूस्खलन हो रहा है रास्ते भी बंद हैं, ऐसे में वाहनों को आवाजाही में दिक्कत होगी और लोगों को पहुंचने में भी परेशानी होगी, ऐसे में कोई अनहोनी घटना न घट जाए, इस लिए मौसम के मद्देनजर तिरंगा यात्रा को स्थगित कर दिया है। हालांकि केजरीवाल को सुनने के लिए न केवल कांगड़ा जिला बल्कि अन्य जिलों से भी पार्टी कार्यकर्ता पहुंच रहे थे, मौसम विशेषज्ञों की चेतावनी पर एहतियात बरतते हुए लोगों की सुरक्षा के चलते यह फैसला लिया है।