मान्यवर शिरोमणि अकाली दल बादल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, पार्टी के मजीठा से उम्मीदवार और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की जमानत याचिका रद्द होने के बाद लुधियाना पहुंचे हैं। आज उनकी तरफ से लुधियाना में शिरोमणि अकाली दल बादल और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों के हक में चुनाव प्रचार किया जाएगा।
इसके अलावा आज नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत भी होनी है। आज दाखा से उम्मीदवार मनप्रीत सिंह अयाली समेत कुछ अन्य अकाली नेता आज नामांकन दाखिल कर सकते हैं। सुखबीर बादल इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। मगर उनका मजीठिया की जमानत याचिका रद्द होने पर क्या प्रतिक्रम आता है, यह काफी अहम रहने वाला है।
लुधियाना पर विशेष जोर दे रहे सुखबीर
पंजाब के सबसे बड़े जिला लुधियाना में 14 विधानसभा क्षेत्र हैं, मगर यहां शिअद के दो ही विधायक हैं। 2017 में शिअद को मात्र 1 ही सीट मिली थी। मगर अब सुखबीर सिंह बादल सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं और इसके लिए पूरा जोर लगा रखा है। वहीं उनका सबसे ज्यादा जोर लुधियाना में ही लगा हुआ है। वह माह में दो या तीन बार लुधियाना जरूर आते हैं और चुनाव की तैयारियों का जायजा लेते हैं। लोकल लीडरशिप को उम्मीदवारों को साथ चलाने के लिए वह पार्षदों की टिकट उम्मीदवारों द्वारा दिए जाने का एेलान भी कर चुके हैं।
देर रात की नेताओं से बैठक
सुखबीर सिंह बादल देररात ही लुधियाना पहुंच गए थे और उनकी तरफ से देररात ही शहर के बड़े बिजनेस घराने के मालिकों से बैठक की गई थी। इसके बाद उनकी तरफ से देररात तक कई मीटिंगें की गईं और चुनाव प्रचार के मौजूदा हालातों के बारे शिअद नेताओं के साथ विचार विमर्श किया गया। उनकी तरफ से अब तक बनाई गई रणनीति से होने वाले फायदे और आने वाले दिनों में प्रचार की क्या रणनीति रहनी चाहिए, इस पर भी विचार विमर्श किया गया है।