You are currently viewing पंजाब के मोगा में , अभिनेता सोनू सूद के आवास पर हलचल तेज

पंजाब के मोगा में , अभिनेता सोनू सूद के आवास पर हलचल तेज

मान्यवर:-बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के घर के बाहर सुबह से हलचल देखी जा रही है। सोनू सूद के घर में आज सबसे पहले डीसी हरीश नैयर और एसएसपी सुरिंदर जीत सिंह अंदर गए हैं। अब इंटेलिजेंस और पुलिस के अधिकारी उनके घर के अंदर मौजूद हैं। सोनू सूद भी अपने आवास के अंदर हैं, लेकिन मीडिया को एंट्री नहीं दी जा रही है। बताया जाता है कि पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू वहां पहुंचेंगे, हालांकि इसकी पुष्टि नहींं हो पा रही है। इसके बाद से शहर में चर्चाओंं का बाजार गर्म हो गया है।

मोगा में शनिवार सुबह सोनू सूद के घर  के बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस अधिकारी पहुंचे ताे क्षेत्र में चर्चाएं शुरू ह गईं । इसके बाद हलचल बढ़ने लगी। इसके बाद पुलिस के कुछ और अधिकारी वहां पहुंचे। इसके बाद माेगा के जिला उपायुक्‍त (DC) और एसपी भी पहुंचे। चर्चा है कि नवजोत सिंह सिद्धू किसी भी समय उनके निवास पर पहुंच सकते हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से कोई भी अधिकारी कुछ स्पष्ट नहीं कर रहा है। सोनू सूद के परिवार के लोग भी फोन पिक नहीं कर रहे हैं।

उधर, कांग्रेस में भी हलचल है क्योंकि स्थानीय नेतृत्व को कोई जानकारी नहीं है कि क्या हो रहा है। विधायक को भी कुछ नहीं पता है। बता दें कि सोनू सूद की बहन मालविका सूद क्षेत्र में खासी सक्रिय रही हैं और उनके राजनीति में आने की चर्चाएं भी चलती रही हैं। मालविका सूद ने खुद भी इस बारे में कुछ मौकों पर संकेत दिए थे। सोनूू सूद ने अपनी बहन के साथ तत्‍कालीन मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह से भी मुलाकात की थी। कुछ दिन पहले सोनू सूद के इंटरनेट मीडिया पर किए गए पोस्‍ट से भी उनके राजनीति में आने की चर्चाएं गर्म हुई थीं।

फिल्म अभिनेता के करीबी सूत्रों की मानें तो सोनू दिसंबर के मध्य तक अपने पत्ते नहीं खोलेंगे। वह पंजाब की राजनीति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। यही वजह है सोनू सूद ने संभावनाओं के सभी द्वार खोले रखे हैं। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल का मोगा में 14 नवंबर को आने का प्रोग्राम बना था। इसे सोनू सूद को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाने के लिए ही तय किया गया था लेकिन सूत्रों के अनुसार सोनू इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसी कारण अरविंद केजरीवाल को 14 नवंबर का मोगा का दौरा रद करना पड़ा था।

दो दिन पहले ही वह उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात की थी। उसके बाद चर्चाओं का रुख बदल गया। पहले कहा जा रहा था कि सोनू सूद आम आदमी पार्टी में शामिल होकर मुख्यमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं लेकिन सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के साथ मुलाकात के बाद कहा जा रहा है कि सोनू कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। शनिवार सुबह जिस प्रकार सोनू सूद के घर पहुंचने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों उनके पास पहुंचे। चर्चाएं सामने आई कि नवजोत सिंह सिद्धू उनके घर आ रहे हैं। इसके बाद स्थानीय कांग्रेस नेताओं में भी हड़कंप मच गया क्योंकि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।