जालंधर (ब्यूरो):-लुधियाना में CMS कंपनी में 8.49 करोड़ लूट की मास्टरमाइंड मनदीप मोना गांव डेहलों की रहने वाली है। मोना के काका और हरप्रीत 2 भाई हैं। हरप्रीत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि काका दिहाड़ी मजदूरी करता है। मोना के पिता की कई साल पहले की मौत हो गई थी।
मोना और उसके पति जसविंदर सिंह जस्सा की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस छापेमारी कर रही है। दोनों के शहर में सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए गए हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने गांव डेहलों में लोगों से बातचीत की।
अब पढ़िए मोना के बारे में गांव वालों ने क्या कहा…
1.बचपन से नाना-नानी के पास रही मोना
गांव निवासी मनविंदर ने बताया कि मोना के घर के बिल्कुल साथ वाला मकान उनका है। मोना बचपन से अपने नाना-नानी के पास रही है। डेहलों में वह आती जाती रहती थी। कुछ सालों से वह यहीं रहने लगी थी। बड़ा भाई काका अक्सर मोना की हरकतों को लेकर उसका विरोध करता रहा है।
वह दिहाड़ी करने वाला इंसान है। कई-कई दिन वह घर से बाहर ही रहती थी। गांव के लोगों को अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि मोना इतने बड़े लूट कांड की मास्टरमाइंड है।
2.एक्टिवा पर न नंबर प्लेट, डिग्गी में सिरिंज पड़े
मोना के घर के सामने उसकी एक्टिवा खड़ी थी। जिस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। गांव के लोगों ने बताया कि एक्टिवा की डिग्गी में सिरिंज पड़ी है। लोगों का ऐसा मानना है कि हो सकता है ये सिरिंज मोना के ही हों।
3.माता-पिता की ढील से बनी लुटेरी
मनविंदर ने बताया कि मोना 1 हफ्ता घर तो 2 से 3 महीने बाहर ही रहती थी। वो क्या काम करती थी माता-पिता को कुछ पता नहीं चलता था। माता-पिता की ढील का नतीजा है कि आज वो इतनी बड़ी लुटेरी बनी। अक्सर जब भी गांव में आती तो किसी गांव को बुलाती तक नहीं थी। मोना की शादी फरवरी महीने में हुई। उसका बाद भी वह डेहलों चक्कर लगाती रहती थी।
4.भाई हरप्रीत से है अधिक मोह
मनविंदर ने बताया कि मोना का उसका छोटे भाई हरप्रीत उसके साथ बरनाला में रह रहा था। वह यहां भी कम ही आता था। लोग बताते है कि मोना का भाई हरप्रीत भी मोना की तरह ही महंगे मोबाइलों का शौकीन रहा है। मोना का भी उसमें ज्यादा मोह था।
5. मोना की है तीसरी शादी
गांव के कुछ लोगों ने आफ कैमरा बताया कि मोना 2 शादियां पहले कर चुकी है। ये उसकी तीसरी शादी है। कुछ लोग तो इस शादी को चौथी शादी भी बता रहे हैं। उनका कहना है कि जल्द अमीर बनने के चक्कर में मोना ऐसा कर रही थी। अगर पुलिस उसके पिछले सालों का डेटा खंगाले तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
6. किस्तों पर सामान लाकर नहीं लौटाती थी पैसे
ग्रामीणों ने बताया कि मोना के घर अक्सर पैसे लेने वाले चक्कर लगाते रहते थे। आए दिन दुकानदार या बैंक वाले किसी न किसी मामले को लेकर विवाद करते थे। मोना कभी फ्रीज, एलसीडी या कोई भी घरेलू सामान दुकान से किस्तों पर खरीद लाती थी। 1 या 2 किश्त देने के बाद पैसे वापस नहीं करती थी। कई बार तो कुछ लोग घर से सामान तक उठा कर वापस ले गए।
7.मां लोगों के घरों में काम करती है
मोना की मां लोगों के घरों में साफ-सफाई का काम करती है। लोग बताते है कि उसकी मां मेहनतकश महिला है। छोटे भाई हरप्रीत को मोना ने अमीर बनने के सपने दिखा अपने साथ रखा और लूट की वारदात में शामिल किया। मोना को यकीन था कि वह लूट की वारदात कर लेगी और किसी को पता भी नहीं चलेगा। लूट के पैसों में उसके परिवार के ज्यादा 3 हिस्से उन्हें मिलेंगे।
8.पति-पत्नी के खिलाफ LOC जारी
पुलिस को मंदीप और उसके पति जस्सा पर शक है कि वह करोड़ों रुपए लेकर विदेश भाग सकते है। इस कारण लुधियाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ LOC जारी कर दिया है। गांव में लगातार पुलिस की टीमें सादी वर्दी में गश्त कर रही है।