You are currently viewing Golden Temple के पास धमाका करने वालों की पहली तस्वीर:ब्लास्ट करने के बाद बरामदे में सो गए थे; अब तक 5 अरेस्ट, 8 बम भी मिले

Golden Temple के पास धमाका करने वालों की पहली तस्वीर:ब्लास्ट करने के बाद बरामदे में सो गए थे; अब तक 5 अरेस्ट, 8 बम भी मिले

जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब में अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के करीब 5 दिन में तीसरी बार ब्लास्ट हुआ। यह ब्लास्ट स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल के करीब रात 12.10 बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। स्वर्ण मंदिर मैनेजमेंट ने तुरंत इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। रात को ही पुलिस ने वहां पहुंचकर धमाके वाली जगह को सील कर दिया।

तलाशी के बाद लंगर हॉल के पास की श्री गुरु रामदास सराय से एक कपल समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 8 बम भी मिले हैं। तलाशी के दौरान सराय की CCTV फुटेज से दो संदिग्धों की पहचान की गई। इन्हें बरामदे में आते-जाते देखा जा सकता है। इनकी फोटो भी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों धमाका करने के बाद सराय के बरामदे में जाकर सो गए। ऐसा कहा जा रहा है कि इन्होंने बम छत या खिड़की से फेंका था।

इनसे पूछताछ के बाद सराय के 225 नंबर रूम से एक कपल को गिरफ्तार किया गया। इनसे एक संदिग्ध बैग भी बरामद हुआ है। दोनों गुरदासपुर के रहने वाले हैं। इससे पहले शनिवार और सोमवार को धमाके हो चुके हैं। इनमें कम डेंसिटी वाले क्रूड बम का इस्तेमाल किया गया था।

पुलिस का दावा- केस सॉल्व, मकसद- शांति भंग करना था
DGP गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि अमृतसर में कम तीव्रता वाले विस्फोट का मामला सुलझ गया है। 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनका मकसद सिर्फ शांति भग करना था। इन्होंने धमाकों के लिए फटाखों का बारूद इस्तेमाल किया था।
धमाका करने के बाद बरामदे में सो गए संदिग्ध
SGPC के प्रधान हरजिंदर धामी ने कहा कि घटना के समय की सारी फ़ुटेज खंगाली गईं। इसके बाद धमाका करने वालों की पहचान की गई। धमाका करने के बाद ये बरामदे में जाकर सो गए थे। वहीं से उसे हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ के बाद सराय में रुके विवाहित जोड़ा भी पकड़ा गया। इन सबको पुलिस ले गई है।

घटनास्थल से पुलिस को एक चिट्ठी मिली
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को घटनास्थल से एक चिट्‌ठी भी मिली है। इसे पुलिस अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, इस चिट्‌ठी में क्या लिखा है और यह धमाके से जुड़ी है या नहीं, इसके बारे में पुलिस अधिकारियों ने कुछ नहीं बताया।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पुलिस धमाकों को गंभीरता से नहीं ले रही। ऐसा लगता है कि सरकार ऐसी स्थितियों को संभालने में सक्षम नहीं है। सिखों के सबसे बड़े धर्मस्थल पर बार-बार धमाकों से कई सवाल और चिंताएं हो रही हैं। धमाकों से दरबार साहिब आने वाली संगत दहशत में है।
कालका निवासी चश्मदीद स्वर्ण बाज सिंह ने बताया कि वह रात श्री गुरु रामदास जी सराय में रुके हुए थे। पहले सब नार्मल था। फिर अचानक धमाका हुआ। घड़ी देखी तो रात के12.10 बजे थे। सुबह 4.30-पौने पांच बजे के करीब पुलिस पहुंच गई। कमरा नंबर 225 से एक लड़का और लड़की को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया। बाद में पता चला कि उनसे बम भी बरामद किए गए हैं। रात में धमाके के बाद संगत में पैनिक की स्थिति बन गई। सेवादारों ने सभी को शांत रहने को कहा। सभी ने सोचा कि कुछ भारी चीज गिरी है। फिर सभी सो गए। सुबह पता चला कि धमाका हुआ था।