जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास हैरिटेज मार्ग पर 32 घंटों में दो धमाकों के बाद अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) ने जांच शुरू कर दी है। देर रात NIA की टीम के बाद मंगलवार सुबह NSG की टीम भी हैरिटेज मार्ग पहुंची। दोनों टीमों ने घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट किया और पूरे एरिया का मुआयना भी किया।
हैरिटेज मार्ग पर हुए ब्लास्ट मामले में पुलिस अभी तक कारणों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस इस मामले को आतंकी हमले, शरारत या पर्सनल कारण तीनों तथ्यों को ध्यान में रख जांच कर रही है। लेकिन NIA और NSG की एंट्री से आतंकी मॉड्यूल के होने की संभावना अधिक बढ़ गई है। हालांकि NIA और NSG की टीम ने मीडिया से बातचीत करने से मना कर दिया है।
फोरेंसिक टीम के साथ NIA की मुलाकात NIA की टीम ने सोमवार रात हैरिटेज मार्ग पर जांच करने वाली फोरेंसिक टीम से भी मुलाकात की। फोरेंसिक टीम की तरफ से अभी तक बनाए गए नोट्स पर भी विचार किया गया। घटना स्थल पर भी NIA फोरेंसिक टीम के साथ ही पहुंची थी। इसके बाद टीम ने जांच अधिकारियों से भी मुलाकात की है।
अमृतसर पुलिस भी अलर्ट पर सोमवार को ब्लास्ट के बाद DGP गौरव यादव भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बम को छत से लटकाया गया था, जो नीचे गिरते ही फट गया। इसके बाद अमृतसर पुलिस अलर्ट पर है। DCP लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह भंडाल अमृतसर पुलिस की टीम के साथ हैरिटेज मार्ग पर रहे।
स्वर्ण मंदिर के आसपास की ऊंची बिल्डिंगों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इतना ही नहीं, ऊंची बिल्डिंगों का मुआयना भी किया गया। कुछ ऊंची बिल्डिंगों पर पुलिस जवान भी तैनात किए गए हैं। होटल मालिकों से किसी भी व्यक्ति को बिना ID प्रूफ कमरा ना देने के लिए कहा गया है।