जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब में सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया गया है। 2 मई से दफ्तर सुबह 7 बजे खुलेंगे और 2 बजे बंद होगे। CM भगवंत मान ने इसको लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश 15 जुलाई 2023 तक प्रभावी रहेंगे।
CM मान ने बताया कि सरकार ने यह फैसला लागू करने से पहले लोगों से बातचीत की है। लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने से पहले-पहले वह अपने सभी सरकारी काम पूरे कर अपने-अपने कामकाज पर पहुंच जाएंगे।
कर्मचारियों ने भी सरकार के फैसले पर सहमति जताई है। कर्मचारियों ने कहा कि दोपहर के समय गर्मी अधिक बढ़ने से पहले वह भी अपने घरों पर लौट कर परिजनों के साथ समय बिता सकेंगे।
PSPCL पर लोड कम होगा
CM मान ने कहा कि PSPCL ने सरकार को बताया है कि पीक लोड दोपहर डेढ़ बजे से 5 बजे तक रहता है। यदि सरकारी दफ्तर 2 बजे बंद होते हैं तो सभी पंखे, बल्ब, कूलर व AC बंद होने से पीक लोड 300 मेगावॉट से साढ़े 350 मेगावॉट तक कम हो जाएगा।
यह तरीका विदेशों में अपनाया जाता है। कनाडा-अमेरिका के लोग सूरज की रोशनी के अधिक इस्तेमाल के लिए 6-6 महीने बाद घड़ी का समय बदल कर एक घंटा पीछे कर लेते हैं। क्योंकि सूरज पहले उदय हो जाता है।
CM मान ने कहा वह भी सुबह साढ़े 7 दफ्तर पहुंचेंगे
CM मान ने कहा कि भारत में पहली बार इस प्रकार का अनुभव किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे सभी खुश होंगे। यदि सरकारी कर्मचारियों को अपने किन्हीं पारिवारिक आयोजन/निजी कार्यों पर जाना हो तो वह आसानी से निश्चिंत होकर उनमें शामिल हो सकेंगे। मान ने कहा कि वह भी अपने दफ्तर सुबह साढ़े 7 बजे पहुंचेंगे। उन्होंने इस अनुभव से आगामी समय में अधिक फायदा लेने की बात कही।