You are currently viewing पंजाब में टॉरनेडो का कहर फाजिल्का में 3 दर्जन मकानों की छत और दीवारें गिरी  9 लोग घायल

पंजाब में टॉरनेडो का कहर फाजिल्का में 3 दर्जन मकानों की छत और दीवारें गिरी 9 लोग घायल

जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के फाजिल्का में टॉरनेडो (चक्रवाती तूफान) का कहर देखने को मिला। राजस्थान बॉर्डर से सटे पंजाब के गांव बकैनवाला में इस टॉरनेडो की वजह से 3 दर्जन मकानों की छत व दीवारें गिर गई। जिसमें 3 महिलाओं समेत 9 लोग घायल हो गए। इस दौरान आसमान में टॉरनेडो का भयावह नजारा देखकर लोगों में दहशत फैल गई। जिसके बाद फाजिल्का की डीसी सेनू दुग्गल और विधायक नरिंदरपाल सवना मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान की भरपाई का भरोसा दिया।

ग्रामीण बोले- मकान टूटने लगे, पेड़ गिरे, फसल बिछ गई टॉरनेडो की वजह से जख्मी हुई शिमला रानी, सुरिंदर कौर और बिमला रानी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बारिश के कुछ समय बाद ही चक्रवाती तूफान आ गया। उसका बवंडर इतना तेज था कि देखते ही देखते मकानों की छत व दीवारें टूटने लगे। पेड़ गिरने लगे। गेंहू की फसल जमीन पर बिछ गई। मकानों के नीचे दबने से लोगों में चीखपुकार मच गई|

लेंटर काटकर निकाले लोग जख्मी हुए सौरव, रवि, राज सिंह, रतन सिंह और मोहन लाल ने बताया कि सब कुछ इतना अचानक हुआ कि घर से बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। हमारे समेत कई लोग मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने उन्हें लेंटर काटकर बाहर निकाला। फिर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

लोग बोले- पहली बार देखा, धमाके जैसी आवाज आई, लगा हेलिकॉप्टर गुजर रहा बकैनवाला के लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार टॉरनेडो को देखा। इसकी वजह से तेज धमाके जैसी आवाजें आने लगी। ऐसा लगा जैसे ऊपर से कोई हवाई जहाज गुजर रहा हो। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि तूफान ढाणी यानी खेतों में बने घरों से होकर गुजर गया। गांव की तरफ आता तो तबाही और ज्यादा हो सकती थी। चक्रवती तुफान की गति का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि एक घर में खड़ी ट्राली पलट गई जबकि वृक्ष दूर दूर जा गिरे।

ढाई किलोमीटर एरिया में घर गिरे : DC फाजिल्का की डिप्टी कमिश्नर सेनू दुग्गल ने कहा कि टॉरनेडो की वजह से काफी नुकसान हुआ है। करीब ढाई किलोमीटर के एरिया में घर गिर गए हैं। लोग जख्मी हुए। पशुओं का भी नुकसान हुआ है। टीम बनाकर इसकी असेसमेंट की जाएगी। जो भी नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा सरकार की तरफ से दिया जाएगा।