You are currently viewing Amritpal को 158 विदेशी खातों से फंडिंग:28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा रकम भेजी गई, उसका गनमैन गोरखा बाबा लुधियाना से गिरफ्तार

Amritpal को 158 विदेशी खातों से फंडिंग:28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा रकम भेजी गई, उसका गनमैन गोरखा बाबा लुधियाना से गिरफ्तार

जालंधर (ब्यूरो):- वारिस पंजाब दे के चीफ और खालिस्तान सपोर्टर अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस अभी भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अमृतपाल के लिए चल रहे ऑपरेशन का आज छठा दिन है। अमृतपाल की नई तस्वीर सामने आई है, इसमें वह बाइक को एक ठेले पर रखकर ले जाता नजर आ रहा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों को जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल को 158 विदेशी खातों से फंडिंग की जा रही थी। इनमें से 28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा की रकम भेजी गई थी। इन खातों का संबंध पंजाब के माझा और मालवा से है। अमृतसर, तरनतारन, बटाला, गुरदासपुर, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला और फगवाड़ा के खातों का संबंध अमृतपाल से मिला है।

पंजाब के पड़ोसी राज्यों के अलावा उत्तराखंड में भी अमृतपाल के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरुघरों की भी जांच की जा रही है। अमृतपाल के साथी तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को लुधियाना में गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल का गनर है।

(खबर दैनिक भास्कर के सौजन्य से)
अपडेट्स…

पंजाब के पाकिस्तान से सटे बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट फिरोजपुर और तरनतारन जिलों में इंटरनेट पर पाबंदी शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दी गई है। अजनाला, मोगा, संगरूर व मोहाली से इंटरनेट की पाबंदी हटा दी गई है।
अमृतपाल के भाई हरप्रीत सिंह समेत उसके 11 साथियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में बाबा बकाला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।
बाबा बाकाला कोर्ट से अमृतपाल के इन 11 साथियों को अजनाला पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया। इसके बाद पुलिस ने इन सभी को अजनाला कोर्ट में पेश किया।
विदेशी फंडिंग में एजेंसियों का फोकस पॉइंट पर
1. देश में खोले गए खातों के दस्तावेज की जांच होगी।
2. खाता कब खोला गया, पहला ट्रांजैक्शन कब हुआ, विदेशों से रकम कब आई।
3. किन-किन देशों से पैसे आए। जब रकम आई तो आगे कहां ट्रांजैक्शन हुआ।
4. खाते किसके नाम पर खोले गए, क्या वही खाता ऑपरेट करता था या अमृतपाल की संस्था का कोई मेंबर।
5. वारिस पंजाब दे और आनंदपुर खालसा फोर्स के मेंबर्स की संपत्तियों की भी जांच की जाएगी।

अमृतपाल सिंह की एक तस्वीर बुधवार को सामने आई है। इसमें वह शाहकोट की गली नजर आया। पुलिस ज्यादा दूर नहीं थी। यह तब का वीडियो है, जब शाहकोट में पुलिस अमृतपाल का पीछा कर रही थी। पुलिस ने दो गाड़ियां जब्त की थीं और 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इससे थोड़ी ही दूरी पर अमृतपाल मर्सिडीज से उतर कर गली में घुसता दिखा था।

इसके अलावा एक और फोटो वायरल हो रही है। इसमें अमृतपाल ठेले पर बैठा नजर आ रहा है। तस्वीर जालंधर के गांव नंगल अंबिया की है। जहां अमृतपाल अपनी ब्रेजा कार को छोड़ मोटरसाइकिल पर फरार हुआ। मोटरसाइकिल बुधवार शाहकोट से तकरीबन 42 किमी दूर फिल्लौर-नूर महल रोड पर नहर के किनारे मिली। इसके बाद ठेले पर अमृतपाल की तस्वीर नजर आई।


पुलिस ने एक बुलेट और सप्लेंडर बाइक बरामद की
अमृतपाल के साथियों द्वारा खुद का बुलेट बाइक छोड़ स्पलेंडर बाइक पिस्टल के बल पर छीना गया है। पुलिस ने दोनों बुलेट व सप्लेंडर बाइक बरामद कर लिया है। ये दोनों बाइक सादिकपुर से मिली है। पुलिस के मुताबिक जिन लोगों ने ये बाइक छीनी, वे गांव नंगल अंबिया से अमृतपाल के साथ ही भागे थे। पुलिस ने दोनों बाइक बरामद कर उनकी नंबर प्लेट जांच के लिए भेज दी है। इसी इलाके में पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। जिस व्यक्ति से आरोपियों ने पिस्टल के बल पर बाइक छीनी, पुलिस उसकी पहचान कर उससे घटनाक्रम की जानकारी हासिल करेगी।
6 दिनों से अमृतपाल का करीबी तूफान लापता
अमृतपाल का करीबी और वारिस पंजाब दे का जिला प्रधान लवप्रीत सिंह उर्फ तूफान सिंह करीब 6 दिनों से घर नहीं आया है और न ही अब तक पुलिस उसे गिरफ्तार कर पाई है। परिवार मुताबिक अजनाला घटना के बाद से ही वह घर पर रहता था।

अजनाला पुलिस ने 18 फरवरी को तूफान सिंह को युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में घर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अमृतपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 23 फरवरी को अजनाला थाने का घेराव कर तूफान सिंह को रिहा करवाया था।

27 को अकाल तख्त के जत्थेदार की सिख समाज से बैठक
पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह सिख समाज से 27 मार्च को बैठक करेंगे। इस बैठक में कई बुद्धिजीवी पहुंचेंगे। बैठक में विचार विमर्श किया जाएगा कि किस तरह पंजाब में बिगड़ रहे हालातों को सही किया जा सके। इस बैठक कर इंटेलिजेंस और सरकार की भी पूरी नजर है।