जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब में 2024 लोक सभा चुनावों में जीत का लक्ष्य लेकर भारतीय जनता पार्टी आज बुधवार अमृतसर में जोनल बैठक करने जा रही है। जिसमें पंजाब प्रदेश पदाधिकारी विजय रूपाणी खुद पहुंच रहे हैं। इस बैठक में उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और सह-प्रभारी नरिंदर सिंह रैनी भी पहुंच रहेंगे।
गौरतलब है कि बीते दो महीनों से भाजपा पंजाब में काफी सक्रिय हो रही है। एक तरफ जहां भाजपा कांग्रेस, अकाली और आम आदमी पार्टी के बागियों को अपने खेमें में कर रही है, वहीं आने वाले नगर निगम चुनावों और लोक सभा 2024 चुनावों की तैयारियां भी शुरू कर चुकी है। इसी के तहत जंडियाला गुरु-तरनतारन बाइपास स्थित होटल स्टार पैलेस में आज प्रदेश जोनल बैठक होने जा रही है। जिसमें माझा के 7 जिलों अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, फिरोजपुर आदि से भाजपा नेता पहुंच रहे हैं।
पंजाब में अपने आप को स्ट्रॉन्ग कर रही BJP खास बात है कि भाजपा इस बार 2024 के चुनावों में लंबे समय बाद बिना सहयोगी पार्टियों के पंजाब में उतर रही है। उनका लक्ष्य पंजाब के शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पकड़ बनाना है। इसके लिए भाजपा लगातार अकाली, कांग्रेसी और आप नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है।
पंजाब के ये 7 बड़े चेहरे BJP में आए पंजाब की सियासत की बात करें तो 7 ऐसे बड़े चेहरे हैं, जो भाजपा का दामन थाम चुके हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा सुनील जाखड़, पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़, राजकुमार वेरका, सुंदर शाम अरोड़ा, बलबीर सिंह सिद्धू और राणा गुरमीत सोढी शामिल हैं। बीते माह ही पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल भी भाजपा जॉइन कर चुके हैं। BJP को उम्मीद है कि ये सभी वे चेहरे हैं, जो उन्हें पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लक्ष्य तक पहुंचा सकते हैं।
2019 में 3 सीटों लड़े, 2 पर जीत 2019 लोक सभा में भाजपा का अकाली दल के साथ गठबंधन था। गठबंधन की शर्तों के लिहाज से भाजपा ने राज्य में 3 सीटों गुरदासपुर, होशियारपुर और अमृतसर से अपने उम्मीदवार उतारे थे। बाकी 10 सीटों पर अकाली दल के उम्मीदवार थे।
अकाली दल ने जहां 10 में से 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी, वहीं भाजपा ने 3 में से 2 सीट हासिल कीं। जिनमें गुरदासपुर से सन्नी देओल और होशियारपुर से केंद्रीय राज्यमंत्री सोमनाथ ने जीत दर्ज की थी। अब अकाली दल से गठबंधन टूट चुका तो भाजपा सभी 13 सीटों पर उतरेगी। यहां सबसे बड़ी चुनौती रूरल पंजाब है।