जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के जालंधर में PAP चौक पर पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन और फायर-ब्रिगेड यूनियन के सदस्य धरने पर बैठ गए हैं। जिसकी वजह से जालंधर-लुधियाना हाईवे और जालंधर-अमृतसर हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। हाईवे पर लंबा जाम लग गया है। आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाईवे जाम होने की सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे है। उनके द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाया जा रहा है, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। फिलहाल हाईवे पर लंबे जाम की स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शन करने के बाद मिलता है आश्वासन धरना चंदन ग्रेवाल की अगुवाई में चल रहा है। सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार उन्हें पक्का नहीं कर रही है। उनकी मांगे लंबे समय से पेंडिंग है। हर बार मीटिंग के बाद उन्हें आश्वासन मिलता है। धरना खत्म होने के बाद न कोई अधिकारी उनसे बात करता है न ही कोई नेता उनके पास आता है। एक हफ्ते पहले भी सरकार को चेतावनी दी गई थी।
फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बीर दविंदर सिंह ने कहा कि वह कच्चे कर्मचारी है। जब भी कहीं आगजनी की घटना होती है तो उन्हें नहीं पता होता की वे जिंदा लौटेंगे या नहीं। इतना रिस्क होने के बावजूद सरकार उन्हें पक्का नहीं कर रही है।
नौकरी से निकालने की दे रहे धमकी वहीं फायर कर्मचारी दीपक ने कहा कि पिछले 14 साल से वह नौकरी कर रहा है। पिछली सरकारों ने उनके बाद लगे कर्मचारियों को भी पक्का कर दिया। जो लोग पहले से काम कर रहे हैं उन्हें पक्का किया जाए। उसके बाद नए कर्मचारियों को रखा जाए। अधिकारियों द्वारा उन्हें धमकी दी जा रही है कि अगर धरने पर बैठे तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाएगा।