You are currently viewing पंजाब में कर्मचारियों ने मोर्चा खोला:CM मान के खिलाफ पोस्टर पर लिखा- बताओ कितने वादे पूरे किए, ‘झूठा प्रचार जिंदाबाद’

पंजाब में कर्मचारियों ने मोर्चा खोला:CM मान के खिलाफ पोस्टर पर लिखा- बताओ कितने वादे पूरे किए, ‘झूठा प्रचार जिंदाबाद’

जालंधर (ब्यूरो):-पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों में ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ बगावती सुर अपना लिए हैं। राज्य सरकार के ठेका कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है।

पंजाब सरकार सोशल मीडिया पर भगवंत मान के पोस्टर वायरल कर कह रही है कि पिछली सरकारें निकम्मी थीं, लेकिन कर्मचारियों ने भी सरकार के पोस्टर को एडिट करके डाल दिया है। उन्होंने लिखा कि भगवंत मान सरकार अपना भी सच जग जाहिर कर दे। सरकार बताए कि कितने वादे पूरे किए और साथ में लिखा कि ‘झूठा प्रचार जिंदाबाद है’।

पंजाब सरकार कर्मचारियों को साधने के लिए अपने और पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट पर कर्मचारियों की हमदर्द- मान सरकार नाम से पोस्टर डाल रही है। पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के शासनकाल के दौरान कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसलों का मौजूदा सरकार के फैसलों के साथ तुलना करके साबित करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि पिछली सरकारों ने कर्मचारी हित में कुछ नहीं किया।

बल्कि जो भी किया वह मौजूदा सरकार ने किया। सरकार की पोस्टर बाजी का जवाब जिन पर हमला किया जा रहा है वह तो दे नहीं रहे, लेकिन कर्मचारियों ने सरकार के कामों पर टिप्पणी करते हुए पोस्टर का जवाब पोस्टर से दिया है। कर्मचारियों ने सरकार के प्रचार और जमीनी हकीकत की सारी पोल पट्टी खोल कर रख दी है।

सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट में कर्मचारियों ने सूबे के मुख्यमंत्री को सीधे-सीधे चैलेंज किया है वह झूठा प्रचार न करें। भगवंत मान एक भी नियुक्ति पत्र दिखा दें जो ठेके पर काम करने वाला कोई शिक्षक या कर्मचारी रेगुलर किया गया हो। कर्मचारियों ने कहा है कि पिछली सरकारें निकम्मी थीं, तभी तो आज उनकी कोई पूछ पड़ताल नहीं है, लेकिन भगवंत मान सरकार बताए कि वह सच बोल रही है। आपने भी तो झूठे प्रचार पर जोर दे रखा है। कर्मचारियों ने अंत में लिखा है जो बोलते हो उसे पूरा करो।