You are currently viewing ₹12 करोड़ लेकर ऑक्शन में उतरेंगी महिला IPL की टीमें मुंबई के 2 स्टेडियम में 5 टीमों के 22 मैच होंगे; चैंपियन को मिलेंगे 6 करोड़

₹12 करोड़ लेकर ऑक्शन में उतरेंगी महिला IPL की टीमें मुंबई के 2 स्टेडियम में 5 टीमों के 22 मैच होंगे; चैंपियन को मिलेंगे 6 करोड़

जालंधर (ब्यूरो):- महिला IPL की ज्यादातर चीजें लगभग तय हो चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक महिला IPL टीम को ऑक्शन में खिलाड़ी खरीदने के लिए 12 करोड़ रुपए का पर्स मिलेगा। हर साल पर्स में 1.5 करोड़ रुपए का इजाफा होगा। 25 जनवरी को 5 टीमों के नाम सामने के बाद ऑक्शन होगा।

5 टीमों के बीच कुल 22 मैच मुंबई के डीवाय पाटील और ब्रेबोर्न स्टेडियम में ही होंगे। वानखेड़े स्टेडियम को पुरुष IPL के लिए तैयार किया जाएगा। वहीं, पहली बार होने वाले महिला IPL के चैंपियन को 6 करोड़ रुपए मिलेंगे।

एक टीम में खेलेंगी 5 विदेशी प्लेयर

महिला IPL की एक टीम में 5 विदेशी खिलाड़ी खेल सकेंगी। टेस्ट प्लेइंग देशों से 4 और एक खिलाड़ी असोसिएट देश से रखना होगा। अगर असोसिएट देश की खिलाड़ी टीम में नहीं रहीं तो एक टीम में 4 ही विदेशी खिलाड़ी खेलेंगी। पुरुष IPL की एक टीम में 4 विदेश खिलाड़ी खेल सकते हैं। इनमें असोसिएट देश के खिलाड़ियों का होना जरूरी नहीं है।

10 करोड़ की प्राइज मनी मिलेगी

महिला IPL जीतने वाली टीम को 6 करोड़ रुपए, रनर-अप को 3 करोड़ और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 1 करोड़ रुपए मिलेंगे। इस तरह प्राइज मनी के रूप में कुल 10 करोड़ रुपए बांटे जाएंगे। 5 टीमों के टूर्नामेंट में 20 लीग मैच होंगे। हर टीम बाकी टीमों से 2-2 मैच खेलेगी। पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी।

पॉइंट्स टेबल में दूसरे और तीसरे नंबर की टीम एलिमिनेटर खेलेगी। एलिमिनेटर जीतने वाली टीम फाइनल में जाएगी और हारने वाली टीम तीसरे स्थान पर फिनिश करेगी।

पुरुष IPL की प्राइज मनी 4.6 गुना ज्यादा

महिला IPL की टोटल प्राइज मनी के मुकाबले पुरुष IPL की प्राइज मनी 4.6 गुना तक कम है। पुरुष IPL जीतने वाली टीम को 20 करोड़ और रनर-अप टीम को 13 करोड़ रुपए मिलते हैं। तीसरे और चौथे स्थान की टीमों की प्राइज मनी मिलाकर कुल रकम 46.5 करोड़ रुपए हो जाती है। महिला IPL की टोटल प्राइज मनी 10 करोड़ रुपए है।

2023 से 2025 तक के विमेन IPL का फॉर्मेट तय किया जा चुका है। 2026 के सीजन से विमेंस IPL में 33-34 मैच होंगे। 2023 में टीमों को 13.5 करोड़ रुपए का पर्स मिलेगा। इस तरह 2026 तक हर साल टीमों के पर्स में 1.5 करोड़ रुपए बढ़ाए जाएंगे। 2026 में 6 टीमों का IPL होगा, तब टीमों का पर्स 18 करोड़ रुपए होगा।

दुनिया की तीसरी महिला फ्रेंचाइजी लीग

भारत में दुनिया की तीसरी महिला फ्रेंचाइजी लीग 4 मार्च से शुरू होने की संभावना है। लीग का फाइनल मुकाबला 26 मार्च को खेला जा सकता है। महिला IPL के बाद पुरुष IPL शुरू होगा। भारत से पहले इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में महिला फ्रेंचाइजी लीग शुरू हो चुकी हैं। 2015 में ऑस्ट्रेलिया के विमेंस बिग-बैश लीग शुरू हुई। वहीं, 2022 में इंग्लैंड की विमेंस द हंड्रेंड लीग शुरू हुई थी।

भारत में विमेन IPL से पहले टी-20 चैलेंजर्स ट्रॉफी के नाम से 3 टीमों की फ्रेंचाइजी ट्राई सीरीज खेली जा रही थी। 2018 से खेली जा रही इस ट्रॉफी को 2022 तक खेला गया। इसमें 4 ही मैच होते थे। लेकिन, नए विमेन IPL में 22 मैच होंगे।