जालंधर (ब्यूरो):- पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री एवं सीनियर नेता मनप्रीत सिंह बादल ने आज पंजाब कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। अब उनके भाजपा में शामिल होने की सुगबुगाहट है। मनप्रीत बादल ने अपने इस्तीफे से संबंधित लेटर पंजाब दौरे पर आए कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को लिखा है।
मनप्रीत बादल ने 7 साल पहले अपनी पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब का कांग्रेस में विलय किया था। इससे पहले वह पंजाब के वित्त मंत्री भी रह चुके हैं, लेकिन बीते लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद वह राजनीति में अधिक सक्रिय नजर नहीं आए। सूत्रों के अनुसार मनप्रीत सिंह बादल भाजपा प्रधान जेपी नड्डा से मिलने दिल्ली गए हैं। अब से कुछ ही देर बाद वह आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
भारत जोड़ो यात्रा से बनाई दूरी
मनप्रीत सिंह बादल ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भी दूरी बनाए रखी। इसी कारण वह पंजाब में यात्रा की शुरुआत से अभी तक कहीं साथ नहीं दिखे। सूत्रों के अनुसार मनप्रीत बादल की मौजूदा कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ भी अनबन है। इस संबंध में राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता भी अवगत हैं, लेकिन पूरी यात्रा के दौरान किसी कांग्रेसी नेता ने मनप्रीत सिंह बादल को साथ नहीं लिया और न ही उनके संबंध में कोई बातचीत की गई है।