जालंधर (ब्यूरो):- राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जालंधर से कांग्रेस के सांसद चौधरी संतोख सिंह की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। उन्हें अटैक आने पर तुरंत एम्बुलेंस में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलने के तुरंत बाद राहुल गांधी यात्रा बीच में ही रोक उन्हें देखने के लिए रवाना हो गए।
पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री रजिंदर कौर भट्ठल ने जानकारी दी कि जिस समय यह सूचना मिली, वे सभी टी-ब्रेक के लिए राहुल गांधी का इंतजार कर रहे थे। सीढ़ियां चढ़ते-चढ़ते ही राहुल गांधी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। सांसद संतोख सिंह जालंधर से मौजूदा सांसद थे और उनकी उम्र 76 साल थी। वह दूसरी बार सांसद बनकर 2019 में लोकसभा पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने 2014 में जीत दर्ज की थी।
संतोख सिंह का राजनीतिक सफर
- 1992-1992 विधानसभा चुनावों में फिल्लौर से खड़े होकर पहली जीत दर्ज की।
- 1997 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव चुने गये और वे इस पद पर करीब एक साल तक रहे।
- 2002-2002 में कैप्टन सरकार के समय उन्हें कैबिनेट मंत्री सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास, समाज कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान विभाग विभाग सौंपे गए। उन्होंने फिल्लौर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
- 2004 -2004 से लेकर 2010 तक वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रहे।
- 2014- जालंधर निर्वाचन क्षेत्र से SAD के पवन कुमार टीनू को हराने के बाद वह16वीं लोकसभा के लिए चुने गए।
- 1 सितंबर 2014: सामाजिक न्याय और अधिकारिता संबंधी स्थायी समिति औार शहरी विकास मंत्रालय, आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन परामर्शदात्री समिति के सदस्य बने।
- 14 अगस्त 2014: अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कल्याण संबंधी समिति के सदस्य बने।
युवा नेता के तौर पर किया था राजनीतिक सफर शुरू सांसद चौधरी ने 1978 में अपना राजनीतिक सफर पंजाब युवा कांग्रेस नेता के तौर पर शुरू किया। 1978 से 1982 तक वह पंजाब युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे। 1987 से 1995 तक जिला कांगेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष बने। 1992 में पहली जीत दर्ज करने के बाद पंजाब कांग्रेस विधायक दल के महासचिव के रूप में चुने गए।
1992 से 1995 तक ग्रामीण विकास और पंचायतों के प्रभारी, संसदीय कार्य और विद्युत विभाग के मुख्य संसदीय सचिव बने। बाद में उन्हें पंजाब सरकार में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण और खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री, कैबिनेट मंत्री रहे।