जालंधर (ब्यूरो): पंजाब में ठंड का मौसम आते ही धुंध के साथ-साथ कोहरा भी पड़ना शुरू हो गया। लेकिन इसी बीच बारिश ना होने के कारण सूखी ठंड की वजह से धुंध ने स्मॉग का रूप धारण करना शुरू कर दिया है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह अभी तक बारिश ना होना है। बारिश ना होने के कारण हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार न्यूनतम 250 पर टिका हुआ है।
हवा में प्रदूषण का स्तर इससे ऊपर 290 और 300 तक बढ़ता है लेकिन बीच-बीच में ठंडी बयार बहने और धूप निकलने पर हवा में प्रदूषण का स्तर फिर 250 पर पहुंच जाता है। इसी प्रदूषण की वजह से फॉग अब स्मॉग में बदलनी शुरू हो गई है।
शुक्रवार तक बारिश की संभावना इसी बीच मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुक्रवार से मौसम में बदलाव की संभावना है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाएंगे और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति रविवार तक लगातार रहने की संभावना है। रविवार तक लगातार बीच-बीच में बारिश हो सकती है।
बारिश ना होने की वजह से वातावरण में महीन कणों जिसे पार्टिकुलर मैटर (PM) कहा जाता है कि स्तर भी बढ़ गया है। वातावरण में मौजूदा समय में PM-10 का स्तर 340 है जबकि PM-2.5 का स्तर का 200 के करीब है। यह दोनों की स्तर सेहत के लिए पूरी तरह से खराब और खतरनाक है। हालांकि सुखद यह है कि वातावरण में अभी सल्फर (SO2) का स्तर अभी 19.2 है। यह नहीं बढ़ा है। इससे अभी हवा इतनी ज्यादा जहरीली नहीं हुई है।
ठंड बढ़ते ही बढ़ता है हवा में प्रदूषण का स्तर एक तथ्य यह भी सामने आया है कि रात के समय हवा में प्रदूषण का स्तर ज्यादा बढ़ रहा है। जैसे-जैसे ठंड बढ़कर जमावट बिंदू की तरफ जाती है तो हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ जाता है। रात साढ़े ग्यारह बजे से लेकर सुबह करीब छह बजे तक प्रदूषण का स्तर कायम रहता है। उसके बाद घटना शुरू होता है।