You are currently viewing पंजाब में शिमला से भी ठंडा बठिंडा न्यूनतम तापमान पहुंचा 2.6 डिग्री राज्य में अगले 5 दिन भारी धुंध की चेतावनी

पंजाब में शिमला से भी ठंडा बठिंडा न्यूनतम तापमान पहुंचा 2.6 डिग्री राज्य में अगले 5 दिन भारी धुंध की चेतावनी

जालंधर (ब्यूरो): पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद से पंजाब में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार सुबह बठिंडा का तापमान शिमला से भी कम रिकार्ड किया गया। वहीं पंजाब के 13 शहरों व कस्बों का तापमान शिमला के न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री से कम आंका गया है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 5 दिन पंजाब के अधिकतर इलाकों में भारी धुंध की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग की तरफ से अलसुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार बठिंडा का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। वहीं लुधियाना में सुबह तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह मोगा में भी न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते पूरे उत्तर भारत में शीतलहर की चेतावनी मौसम विभाग जारी कर चुका है।

अगले 5 दिन धुंध की चेतावनी

मालवा की बात करें तो लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और पटियाला में अगले 5 दिन शीत लहर के साथ धुंध की चेतावनी दी गई है। वहीं संगरूर व एसएएस नगर को ग्रीन कैटेगरी में रखा गया है।

माझा में पठानकोट व गुरदासुपर में 20 दिसंबर और अमृतसर व तरनतारन में अगले पांच दिन डैंस फोग व शीतलहर की चेतावनी दी गई है। जबकि दोआबा में नवा शहर, कपूरथला और जालंधर में यह चेतावनी जारी की गई है।

पंजाब पुलिस ने भी जारी की चेतावनी पंजाब पुलिस ने मौसम विभाग की तरफ से चेतावनी के बाद हाईवे पर वाहन चलाने वालों को सतर्क रहने के लिए कहा है। पुलिस विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए गति पर नियंत्रण, अगले वाहन से उचित दूरी और लो-बीम पर लाइट जला कर वाहन चलाने के लिए कहा है।

पंजाब के मुख्य शहरों के तापमान

अमृतसर – न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 26 डिग्री के करीब रहने का अनुमान। सुबह धुंध के बाद धूप खिलेगी।

लुधियाना- न्यूनतम तापमान 4.2 दिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह धुंध के बाद धूप खिलेगी।

जालंधर- न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री के करीब रहने का अनुमान। सुबह धुंध के बाद धूप खिलेगी।

बठिंडा – न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापतान 25 डिग्री के करीब रहने का अनुमान। सुबह धुंध के बाद धूप खिलेगी।