You are currently viewing Delhi MCD चुनाव नतीजे:- AAP को बहुमत, 60 सीटों पर आगे, 75 जीती, BJP को 55 पर जीत, 48 पर बढ़त

Delhi MCD चुनाव नतीजे:- AAP को बहुमत, 60 सीटों पर आगे, 75 जीती, BJP को 55 पर जीत, 48 पर बढ़त

जालंधर (ब्यूरो): दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में AAP को बहुमत मिलता दिख रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 250 सीटों में से AAP 60 सीटों पर आगे है और 75 जीत चुकी है। वहीं, BJP को 55 पर जीत मिल चुकी है और 48 पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस को 4 सीटों पर विजय मिली है। 5 पर आगे चल रही है। एमसीडी में बहुमत के लिए 126 सीटें चाहिए।
अब पूरी काउंटिंग को सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं…

1. शुरुआत में कभी भाजपा और कभी आप आगे:- शुरुआती रुझानों में भाजपा और आप दलों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती दो घंटे में दोनों दलों की सीटों में 10 से 20 सीटों का अंतर रहा। कभी भाजपा आगे तो कभी आप आगे दिखी। लेकिन सुबह 10.30 बजे के बाद हालात बदले और आप ने भाजपा पर बढ़त बना ली।

2. आप के दफ्तर में सुबह से हलचल, पहले जश्न, मायूसी फिर जश्न:- एग्जिट पोल में AAP की जीत के बाद बुधवार सुबह से ही पार्टी के कार्यालय में गहमा-गहमी शुरू हो गई थी। ऑफिस को पीले और नीले गुब्बारों से सजाया गया है। पिछली बार इन्हें सफेद और नीले कलर के गुब्बारों से सजाया गया था। दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। पर जैसे ही रुझान आते रहे आप के दफ्तर में पहले जश्न, मायूसी फिर जश्न का माहौल दिखा।

3. कांग्रेस का दफ्तर सूना रहा, ताला लगा दिखा:- कांग्रेस का दफ्तर सुबह से ही सूना रहा। दफ्तर के गेट पर ताला लगा दिखा।

4. भाजपा कार्यालय में सुबह मायूसी रही:- भाजपा कार्यालय में सुबह कोई बड़ा नेता नहीं दिखा। बहुत कम लोग दिखे। एक कार्यकर्ता ने कहा कि एग्जिट पोल में आप की बड़ी जीत दिख रही थी। शायद यह इसका ही असर है। लेकिन हमें विश्वास है कि हम 100 से ज्यादा सीटें लेकर आएंगे। हालांकि, जैसे-जैसे नतीजे आते दिखे ऑफिस में हलचल बढ़ गई।

5.MCD में पिछले 15 सालों से BJP का कब्जा:- दिल्ली नगर निगम में पिछले 15 सालों से BJP का कब्जा है, लेकिन इस बार एग्जिट पोल में AAP यहां क्लीन स्वीप करती नजर आ रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया और टाइम्स नाउ-ईटीजी के एग्जिट पोल के मुताबिक MCD में AAP की सरकार भारी बहुमत से बनती दिख रही है। BJP दूसरे न्ंबर पर और कांग्रेस का सफाया होता दिख रहा है।

नेताओं के बयान…

  • दिल्ली में BJP नेता हरीश खुराना ने कहा, “हमने कोरोना काल में भी कचरे के निपटारे के लिए काम किया। भाजपा ने काम किया है। हमें विश्वास है कि अगला मेयर बीजेपी का ही होगा। पिछली बार भी सर्वे में बीजेपी को 50 सीटें मिली थीं, लेकिन हम दो-तिहाई बहुमत से जीते थे।
  • आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उनकी पार्टी 180 से पार जाएगी। आम आदमी पार्टी को एक तरफा जीत मिलेगी। 180 के बाद कहां रुकेंगे रुझान कह नहीं सकते। पोस्टर बैलेट में सरकारी आदमी वोट डालता है। वह डरता भी है। सरकारी आदमी सोचता है कि कहीं कोई देख तो नहीं लेगा।