जालंधर (ब्यूरो): जिले में हथियारों के लाइसेंस की समीक्षा की गई। इस दौरान 391 लाइसेंस गैर जरूरी पाए गए। मामले में कार्रवाई करते हुए इन्हें रद कर दिया गया है। इसके साथ ही समय पर हथियारों के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं करवाने वाले 438 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
करीब सात हजार हथियारों के लाइसेंस होल्डर
संतोषजनक जवाब नहीं देने वालों व नोटिस का उत्तर नहीं मिलने पर इनके लाइसेंस भी रद कर दिए जाएंगे। डीसी जसप्रीत सिंह ने कहा कि जिले में करीब सात हजार हथियारों के लाइसेंस होल्डर है। पंजाब सरकार के निर्देशों पर ही जिले में हथियारों का लाइसेंस लेने वालों की समीक्षा की जा रही है। इसमें पुलिस विभाग व असला शाखा द्वारा संयुक्त रूप से काम किया जा रहा है। बिना जरूरत कई लोग हथियारों के लाइसेंस हासिल कर चुके थे।
अपराध पर नियंत्रण पाने में मिलेगा सहयोग
जांच के बाद लाइसेंस रद किए गए है। उन्होंने कहा कि इससे अपराध पर नियंत्रण पाने में भी सहयोग मिलेगा। हथियारों के लाइसेंस लेने वालों की समीक्षा का दौर जारी रहेगा। डीसी जसप्रीत सिंह ने हथियारों को इंटरनेट मीडिया या फिर किसी अन्य प्लेटफार्म पर प्रदर्शित करने वालों को भी चेतावनी दी है।