जालंधर (ब्यूरो): दिल्ली डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर CBI रेड के बाद पंजाब एक्साइज पॉलिसी की जांच की मांग उठ गई है। कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने यह मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी ऐसी ही पॉलिसी बनाई गई है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। किसी राज्य या देश का नुकसान नहीं होना चाहिए। हालांकि पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार इस पॉलिसी की सराहना करती रही है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने दावा किया कि नई एक्साइज पॉलिसी से 5 महीने में इनकम में 43.47% की बढोतरी हुई है।
परगट ने कहा- गड़बड़ी की जांच में बुराई नहीं, जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि एक्साइज पॉलिसी को लेकर ही लेफ्टिनेंट गवर्नर ने CBI जांच के लिए कहा था। जिसमें हुई गड़बड़ी का पता लगाने को कहा गया था। एजेंसी का मिसयूज होना गलत है लेकिन फैक्ट सामने आने चाहिए। भाजपा एजेंसियों से रेड तो करवाती है लेकिन एक्साइज पॉलिसी में अगर पारदर्शी जांच हो रही है तो इसमें कोई बुराई नहीं है।
यह लोग एजुकेशन और हेल्थ का नाम लेते हैं, विधायक परगट सिंह ने कहा कि जब भी ऐसी कार्रवाई होती है तो यह लोग एजुकेशन और हेल्थ का नाम लेते हैं। इन्होंने एक प्रोग्राम डिजाइन किया है, जिसमें काम कम और शोर ज्यादा करते हैं। जितना सरकार 3-4 साल में भी विज्ञापन नहीं देती, इन्होंने 5 महीने में दे दिए। अगर एक्साइज पॉलिसी में प्रॉब्लम है और LG ने सिफारिश की है तो इसकी जांच होनी चाहिए।