जालंधर (ब्यूरो): दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के घर शुक्रवार सुबह CBI टीम जांच पहुंची। CBI टीम दिल्ली की नई एक्साइज पॉलिसी की जांच के सिलसिले में सिसोदिया के सरकारी आवास (ए विंग दिल्ली सचिवालय) पहुंची है। सिसोदिया के अलावा तत्कालीन आबकारी आयुक्त अरवा गोपी कृष्ण के घर पर भी CBI की टीम ने छापा मारा है।
CBI टीम के छापों से जुड़ा अपडेट्स, डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के घर CBI की टीम पहुंचने के बाद आम आदमी पार्टी 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है। शराब नीति घोटाले के आरोप को लेकर CBI ने FIR दर्ज की, सूत्रों के मुताबिक इसमें सिसोदिया के अलावा 4 और लोगों के नाम हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि CM केजरीवाल की आप सरकार बेनकाब हो गई है। भ्रष्ट व्यक्ति खुद को बेकसूर साबित करने की कितनी भी कोशिश करे, वह भ्रष्ट ही रहेगा। दिल्ली में शराब की दुकानों में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के कहने पर यह CBI जांच शुरू की गई है। मुख्य सचिव नरेश कुमार की रिपोर्ट में कहा गया था कि नई नीति के जरिए शराब लाइसेंसधारियों को फायदा पहुंचाया गया। रिपोर्ट में सीधे मनीष सिसोदिया का नाम लिया गया था। यह रिपोर्ट LG को सौंपी गई थी।
CBI टीम पहुंचने के बाद सिसोदिया ने किए 3 ट्वीट
सिसोदिया ने लिखा- CBI आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। बहुत ही दुर्भाग्य कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है, उसे इसी तरह परेशान किया जाता है। इसीलिए हमारा देश नंबर वन नहीं बन पाया है। हम CBI का स्वागत करते हैं। जांच में पूरा सहयोग करेंगे, ताकि सच जल्द सामने आ सके। अभी तक मुझ पर कई केस किए, लेकिन कुछ निकला नहीं। इसमें भी कुछ नहीं निकलेगा। देश में अच्छी शिक्षा के लिए मेरा काम रोका नहीं जा सकता। ये लोग दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य के काम से परेशान हैं। इसलिए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा है, ताकि शिक्षा और स्वास्थ्य के काम रोके जा सकें। हम दोनों पर आरोप झूठे हैं। कोर्ट में सच सामने आ जाएगा।
CM अरविंद केजरीवाल बोले- पहली भी कई रेड हुईं, कुछ नहीं निकला ।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अखबार NYT के फ्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने CBI भेजी। CBI का स्वागत है। पूरा सहयोग करेंगे। पहले भी कई जांच और रेड हुईं। कुछ नहीं निकला। अब भी कुछ नहीं निकलेगा।
NYT की रिपोर्ट में दिल्ली की शिक्षा नीति की तारीफ, न्यूयॉर्क टाइम्स के इंटरनेशनल प्रिंट एडिशन में 18 अगस्त को फ्रंट पेज पर दिल्ली की शिक्षा नीति पर रिपोर्ट पब्लिश की गई। इसमें मनीष सिसोदिया की स्कूल विजिट की फोटो है। रिपोर्ट में शिक्षा नीति की तारीफ की गई है।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले जहां दिल्ली के सरकारी स्कूलों की पहचान जर्जर इमारतें, खराब इलेक्ट्रिसिटी सुविधा, मिस-मैनेजमेंट था, वहां अब तस्वीर बदल गई है। केजरीवाल सरकार ने स्कूलों की ये तस्वीर बदलने में बड़ा बजट खर्च किया है। रिपोर्ट में अच्छी शिक्षा व्यवस्था में आए बदलावों का जिक्र कुछ स्टूडेंट्स की जुबानी भी किया गया है।
नवंबर 2021 में लागू की नई शराब नीति, 2020 में दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति लाने की बात कही थी। मई 2020 में दिल्ली सरकार विधानसभा में नई शराब नीति लेकर आई, जिसे नवंबर 2021 से लागू कर दिया गया।
मुख्य सचिव की जांच रिपोर्ट में सरकार पर लगे 4 कानून तोड़ने के आरोप: मुख्य सचिव नरेश कुमार की रिपोर्ट में कहा गया कि शराब नीति को लागू करने से पहले प्रस्तावित नीति को कैबिनेट के समक्ष रखना होता है। इसके बाद कैबिनेट से पास इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए उपराज्यपाल को भेजना होता है, लेकिन इस प्रोसेस को नहीं अपनाया गया है। रिपोर्ट में 4 नियमों को तोड़ने के आरोप लगे।
1. GNCTD अधिनियम 1991
2. व्यापार नियमों के लेनदेन (TOBR)-1993
3. दिल्ली उत्पाद शुल्क अधिनियम-2009
4. दिल्ली उत्पाद शुल्क नियम-2010