You are currently viewing पंजाब से किसान चले लखीमपुर खीरी की ओर, कल देंगे धरना, फगवाड़ा से पहला जत्था रवाना, अमृतसर,जालंधर, फगवाड़ा,पटियाला से शाम ट्रेनों से भी होंगे रवाना

पंजाब से किसान चले लखीमपुर खीरी की ओर, कल देंगे धरना, फगवाड़ा से पहला जत्था रवाना, अमृतसर,जालंधर, फगवाड़ा,पटियाला से शाम ट्रेनों से भी होंगे रवाना

जालंधर (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 75 घंटे का धरना लगाने के लिए आज पंजाब से किसानों के जत्थे रवाना होने शुरु हो गए हैं। पहला जत्था फगवाड़ा से रवाना हुआ। फगवाड़ा में शुगर मिल के सामने हाईवे पर लगाए गए धरने के किसानों का जत्था प्रधान मनजीत सिंह राय की अगुवाई में बसों और निजी गाड़ियों से रवाना हुआ। बहुत सारे किसान शाम को अमृतसर, जालंधर, फगवाड़ा, लुधियाना और पटियाला से ट्रेन से जाएंगे। कुछ किसान अपने-अपने क्षेत्रों से अपने निजी वाहनों से भी उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो रहे हैं। किसान जत्थेबंदियों की बैठक में तय हुआ था कि 10 हजार किसान पंजाब से लखीमपुर खीरी में इंसाफ की मांग के लिए जाएंगे। लखीमपुर खीरी में आज किसानों के पहुंच जाने के बाद कल से वहां पर 75 घंटे का धरना शुरु हो जाएगा। किसान आंदोलन के दौरान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में गाड़ियों के नीचे कुचल कर मारे गए लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा एक बार फिर से उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहे हैं। यह मोर्चा केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्रीय मंत्री आशीष मिश्रा टेनी के खिलाफ खोला जाएगा।

किसानों के धरने के लिए राशन की रसद पहुंचाने के लिए ट्रकों की व्यवस्था की गई है। पिछले दिनों फगवाड़ा में हुई पंजाब की 31 जत्थेबंदियों की मीटिंग में 10 हजार किसानों के जत्थे को उत्तर प्रदेश भेजने का फैसला हुआ था। भारतीय किसान यूनियन दोआबा के प्रधान मनजीत सिंह राय ने सोशल मीडिया पर अपनी एक वीडियो वायरल करके सभी किसानों और नौजवानों से आह्वान भी किया। उन्होंने बताया कि फगवाड़ा से एक जत्था ट्रेन से शाम को रवाना होगा। जिला शहीद भगत सिंह नगर, कपूरथला, होशियारपुर के किसान भी शाम को फगवाड़ा में ही इकट्ठा होंगे और यहीं से ट्रेन में लीखमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना होंगे। किसानों का जत्था 18 अगस्त से लेकर 20 अगस्त तक लखीमपुर खीरी में धरना लगाएगा व मांग करेंगे कि किसानों के हत्यारे केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा टेनी को सख्त सजा दी जाए। अजय मिश्रा को पद से हटाकर उन्हें भी दंडित किया जाए। उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की जाएगी कि आंदोलन के दौरान जिन किसानों के खिलाफ झूठे केस दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाए। उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने कई किसानों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए थे। किसान यूनियन ने लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के फोटो लगाकर पोस्टर भी जारी किया है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।