You are currently viewing पंजाब आम आदमी क्लीनिक : जालंधर में डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया आज से, सिविल में चेक होंगे सर्टिफिकेट

पंजाब आम आदमी क्लीनिक : जालंधर में डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया आज से, सिविल में चेक होंगे सर्टिफिकेट

जालंधर(ब्यूरो): लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए दिल्ली मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर स्वतंत्रता दिवस के दिन पंजाब सरकार द्वारा आम आदमी क्लिनिक की सेवाएं शुरू की जाएंगी। शुरुआती चरण में जिले में 6 क्लीनिक शुरू किए जाएंगे। इसके लिए शुक्रवार से डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शुक्रवार सुबह नौ बजे से शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल नर्सिंग स्कूल में डॉक्टरों के प्रमाणपत्रों की जांच का काम शुरू हो जाएगा. बता दें कि जिले में खोले जाने वाले आम आदमी क्लीनिक में सेवाएं देने के लिए 154 डॉक्टरों ने आवेदन किया है।

इस काम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेषज्ञ डॉक्टरों के अलावा लिपिकीय अमला भी तैनात किया है। विभाग उम्मीदवारों की सूची तैयार कर बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज को भेजेगा। जिले में 154 डॉक्टरों की सूची आई है, जिनके प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी. इसके बाद उनकी लिखित परीक्षा होगी। इसके अलावा 24 को फार्मेसी अधिकारियों की लिखित परीक्षा थी। क्लिनिक सहायक की भर्ती के लिए विवि ने 31 जुलाई को रखा है।

सिविल सर्जन डॉ. रमन शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने पहले चरण में जिले में आम आदमी क्लीनिक की संख्या दोगुनी कर दी है. देश की आजादी के दिन जिले में छह क्लीनिक सेवाएं शुरू की जाएंगी। क्लीनिक में मरीजों के इलाज के लिए दवाओं का स्टॉक पहुंच गया है. क्लिनिक में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और क्लिनिक सहायक के पद रखे गए हैं।

पंजाब भर में 75 क्लीनिक खोले जाएंगे, आपको बता दें कि देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर पंजाब भर में कुल 75 आम आदमी क्लीनिक खोले जाएंगे। हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह ने इसका ऐलान किया। शिअद-भाजपा सरकार में खोले गए लेकिन अब बंद हो चुके सेवा केंद्रों के भवन को इसके लिए तैयार किया गया है। यहां एमबीबीएस डॉक्टर समेत कुल 4 लोग तैनात रहेंगे। क्लीनिक में दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी और कुल 41 तरह की जांच नि:शुल्क की जाएगी।