You are currently viewing जालंधर में धार्मिक स्थल पर हमला, एक महिला समेत 2 घायल, अराजक तत्वों ने कांच की बोतलें मारी,

जालंधर में धार्मिक स्थल पर हमला, एक महिला समेत 2 घायल, अराजक तत्वों ने कांच की बोतलें मारी,

जालंधर(ब्यूरो): पंजाब के जालंधर शहर के बस्ती इलाके में स्थित घा मंडी में एक धार्मिक स्थल पर कुछ अराजक तत्वों ने मंगलवार रात को हमला कर दिया। हमलावरों ने सेवादारों पर कांच की बोतलें और ईंट-पत्थर बरसाए। हमले में दो लोगों के सिर में चोटें आई हैं। दोनों का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। घायलों ने बताया कि धार्मिक स्थल घा मंडी चुंगी में टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के पास है। इसका मुख्य गेट खुला रहता है। 5 से ज्यादा हमलावर अपने मुंह बांधकर आए थे। हमलावरों के हाथ में कांच की बोतलें और ईंट पत्थर थे। धार्मिक स्थल में घुसते ही उन्होंने कांच की बोतलें और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

घायलों ने बताया कि जब तक वह संभलते उनके सिर में कांच की बोतलें आ लगीं। हमलावर कांच की बोतलों व ईंटों और पत्थरों से हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले में एक महिला और एक अन्य व्यक्ति के सिर पर गहरे घाव हुए हैं। दोनों के सिर में टांकें लगे हैं। पुलिस को शिकायत दी गई है। धार्मिक स्थल के प्रबंधकों ने आरोप लगाया कि यह हमला मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति ने करवाया है। वह व्यक्ति अकसर शराब पीकर धार्मिक स्थल के बाहर आकर गाली गलौज करता है। इसका घर धार्मिक स्थल के सामने है और जब कोई धार्मिक आयोजन होता है तो यह अपने घर की छत पर शराब पीकर चढ़ जाता है।

वह भद्दी भाषा का इस्तेमाल करके गालियां निकालता है। घायलों का कहना था कि जिन लोगों ने हमला किया और जो इस हमले का मास्टर माइंड है, उसके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए और उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जिस व्यक्ति ने यह हमला करवाया है, उससे मोहल्ले के लोग भी परेशान हैं।