जालंधर (नि. स.) पंजाब में नए बने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इनमें दूसरी बार विधायक बने अमन अरोड़ा को लोक संपर्क विभाग का मंत्री बनाया गया है। अमृतसर से डॉ. इंदरबीर निज्जर को लोकल गवर्नमेंट मंत्री बनाया गया है।
हालांकि डॉक्टर होने की वजह से वह सेहत विभाग में दिलचस्पी दिखा रहे थे। समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा पंजाब का हेल्थ विभाग संभालेंगे। पूर्व हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला को करप्शन केस में बर्खास्त करने के बाद यह मंत्रालय खाली पड़ा हुआ था।
फौजा सिंह को फूड प्रोसेसिंग मंत्रालय दिया गया है। अनमोल गगन मान पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय संभालेंगे। सबसे अहम यह है कि स्कूल एजुकेशन को मीत हेयर से वापस ले लिया गया है। यह विभाग अब जेल और खनन मंत्री हरजोत बैंस को सौंप दिया गया है। स्कूल एजुकेशन आम आदमी पार्टी का फोकस एरिया है।
किसको क्या मंत्रालय
अमन अरोड़ा : इन्फॉर्मेशन एवं पब्लिक रिलेशन, न्यू एवं रिन्युएबल एनर्जी रिसोर्सेज, हाउसिंग एवं अर्बन डेवलपमेंट।
डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर : लोकल गवर्नमेंट, पार्लियामेंट्री अफेयर्स, लैंड एवं वाटर कंजर्वेशन, प्रशासनिक सुधार।
फौजा सिंह सरारी : फ्रीडम फाइटर्स, डिफेंस सर्विस वेलफेयर, फूड प्रोसेसिंग एवं हॉर्टिकल्चर।
चेतन सिंह जौड़ामाजरा : हेल्थ एवं फैमिली वेलफेयर, मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च, इलेक्शन।
अनमोल गगन मान : पर्यटन और संस्कृति मामले, इन्वेस्टमेंट एवं प्रमोशन, लेबर और शिकायतों का निपटारा।
पंजाब सरकार में अब कुल 15 मंत्री
पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार में पहले 10 मंत्री बनाए गए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान को मिलाकर इनकी गिनती 11 थी। पुराने 10 मंत्रियों में से डॉ. विजय सिंगला को करप्शन केस में कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद सीएम समेत 10 मंत्री रह गए। अब कल अमन अरोड़ा, डॉ. इंदरबीर निज्जर, फौजा सिंह सरारी, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अनमोल गगन मान को शपथ दिलाकर मंत्री बनाया गया है।