You are currently viewing AAP सरकार में 5 नए मंत्री बनेंगे; नाम तय लेकिन देर रात तक चलती रही लॉबिंग

AAP सरकार में 5 नए मंत्री बनेंगे; नाम तय लेकिन देर रात तक चलती रही लॉबिंग

जालंधर (नि. स.) पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज शाम 5 बजे होगा। जिसमें 5 नए मंत्रियों को राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी। इसमें अमन अरोड़ा, अनमोल गगन मान, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, डॉ. इंद्रबीर निज्जर और फौजा सिंह सरारी का नाम तय है।

वहीं 5 नए मंत्रियों के नाम सामने आते ही लॉबिंग भी होती रही। राजपुरा से विधायक नीना मित्तल, जगराओं से दूसरी बार MLA बनी सर्वजीत कौर माणुके और बुढलाडा से विधायक बुधराम ने कोशिश शुरू कर दी।

यह 5 MLA क्यों बनाए जा रहे मंत्री

अमन अरोड़ा : सुनाम से दूसरी बार MLA बने हैं। पिछला चुनाव CM भगवंत मान से भी बड़ी लीड यानी 75 हजार वोट से जीते। पार्टी के तेजतर्रार वक्ता हैं। संगरूर सीट से लोकसभा उपचुनाव हारने के बाद दबाव बढ़ा।

अनमोल गगन मान : मशहूर पंजाबी गायिका हैं। आप के यूथ विंग की प्रदेश उपप्रधान रह चुकी हैं। चुनाव के वक्त प्रचार के लिए ‘केजरीवाल एंथम’ गाया था। विधायक बनने के बाद एक्टिव होकर काम कर रही हैं।

डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर : चुनाव जीतने के बाद प्रोटेम स्पीकर बनाया था। हालांकि बाद में कुलतार संधवां स्पीकर बन गए। इस वक्त चीफ खालसा दीवान के प्रधान हैं। सिख सियासत के लिहाज से अमृतसर अहम केंद्र हैं, इसलिए तरजीह दी जा रही है।

चेतन सिंह जौड़ामाजरा : चुनावी जीत के बाद खूब मशहूर हुए। 7 साल साउथ कोरिया में दिहाड़ी की। वापस लौटे तो एक बार जान पर खेलकर लड़की को किडनैप होने से बचाया था। हालांकि सबसे अहम सरकार में पटियाला जिले को प्रतिनिधित्व देना है। चेतन समाना से विधायक हैं।

फौजा सिंह सरारी : रिटायर्ड पंजाब पुलिस इंस्पेक्टर सरारी बॉर्डर एरिया फिरोजपुर के गुरुहरसहाय से विधायक हैं। इसलिए सरकार में शामिल किया जा रहा। सरारी राय सिख बिरादरी से संबंधित हैं।

10 मंत्रियों को दिलाई थी शपथ, एक को बर्खास्त किया
कैबिनेट विस्तार के बाद AAP सरकार में मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा 14 मंत्री हो जाएंगे। सरकार ने शुरू में 10 मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। इनमें से हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला को करप्शन केस में बर्खास्त किया जा चुका है। पंजाब में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

3 मंत्री लोकसभा चुनाव के नजदीक बनाए जाएंगे
मान सरकार में 3 मंत्रियों के पद खाली रहेंगे। इन्हें आम आदमी पार्टी 2024 तक खाली रख सकती है। तब लोकसभा चुनाव होने हैं। उस वक्त के सियासी गणित को देखते हुए इन नए मंत्रियों की सरकार में एंट्री कराई जाएगी।