जालंधर (नि. स.) : गैंगस्टर लॉरेंस ने अप्रैल 2010 में क्राइम की दुनिया में एंट्री की थी। इसके बाद वह तेजी से क्राइम करता गया। सिर्फ 12 साल में लॉरेंस पर 5 राज्यों में 36 केस दर्ज हो गए। इनमें 9 केसों में वह बरी हो चुका है। 6 केस में सजा हुई है। 21 केसों की कोर्ट में सुनवाई चल रही है।
ताबड़तोड़ दर्ज हुए केस के बाद पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और दिल्ली में लॉरेंस का खौफ फैल गया। तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस को पंजाब पुलिस पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पूछताछ के लिए पंजाब लाई है। जिसके लिए लॉरेंस का भी डोजियर तैयार किया गया था।
सबसे ज्यादा 17 केस पंजाब में
लॉरेंस के खिलाफ 2010 में चंडीगढ़ और मोहाली में 3 क्रिमिनल केस दर्ज हुए थे। यह केस अवैध हथियार और अटेंप्ट टू मर्डर के थे। चंडीगढ़ में अप्रैल 2010 में दर्ज हुए 2 केस में लॉरेंस बरी हो गया। मोहाली में अक्टूबर 2010 में उसे सजा हो गई। लॉरेंस के खिलाफ सबसे ज्यादा 17 केस पंजाब में दर्ज हुए। जिनमें 6 केस फाजिल्का में हैं। लॉरेंस फाजिल्का के गांव दुतरावाली का रहने वाला है। मोहाली में लॉरेंस पर 7, फरीदकोट में 2, अमृतसर और मुक्तसर में 1-1 केस दर्ज है।
चंडीगढ़ और राजस्थान में भी क्राइम
गैंगस्टर लॉरेंस के खिलाफ चंडीगढ़ में 7 केस दर्ज हैं। लॉरेंस चंडीगढ़ में स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) का प्रधान भी रहा है। वहीं लॉरेंस पर राजस्थान में 6, दिल्ली में 4 और हरियाणा में 2 केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ मर्डर, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग, डकैती, फिरौती और लूट जैसे संगीन केस हैं। 10 सितंबर 2021 को जयपुर पुलिस ने लॉरेंस पर फिरौती और धमकी देने का केस दर्ज किया था।
लॉरेंस के करीबी यह गैंगस्टर
लॉरेंस तिहाड़ जेल में बंद है। उसके कई करीबी गैंगस्टर क्राइम हैंडिल करने में उसके साथ हैं। इनमें सबसे करीबी कनाडा बैठा गोल्डी बराड़ है। तिहाड़ जेल में बंद संपत नेहरा, काली राजपूत, काला जठेड़ी भी उसके करीबी हैं। इनके अलावा दीपक टीनू, राजू बसोदी भी उसके साथी हैं।
लॉरेंस के बारे में बात नहीं करते गांव के लोग
लॉरेंस का गांव पंजाब के फाजिल्का जिले का दुतरावाली है। लॉरेंस के क्रिमिनल बनने के बाद गांव के लोग उसके बारे में ज्यादा बात नहीं करते। कैमरे के आगे सिर्फ लोग लॉरेंस को अच्छा की बताते हैं। उसके घर का पता तक कोई नहीं बताता। आसपास के लोग भी बात करने से डरते हैं। लोग कहते हैं कि वह चंडीगढ़ पढ़ता था, इसलिए उन्हें ज्यादा उसके बारे में पता नहीं है।
गोल्डी बराड़ पर भी 8 केस दर्ज
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मदारी लेने वाले सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर 8 केस दर्ज हैं। गोल्डी के खिलाफ नवंबर 2020 में फरीदकोट में अटेंप्ट टू मर्डर का केस दर्ज हुआ था। उस पर 18 नवंबर 2021 को फरीदकोट के कांग्रेस नेता गुरलाल सिंह पहलवान के कत्ल का भी केस दर्ज है। गोल्डी बराड़ पर हथियार सप्लाई करने और फिरौती मांगने के केस दर्ज हैं। गोल्डी बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा जा चुका है। हाल ही में पंजाब पुलिस की सिफारिश पर CBI ने उसका रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।