मान्यवर राज्य में चंडीगढ़ को लेकर मचे घमासान के बीच पंजाब के CM भगवंत मान गुजरात पहुंच गए हैं। पार्टी संयोजक और दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल के साथ शुक्रवार रात को वह गुजरात पहुंचे। आज वह गांधी आश्रम जाएंगे। उसके बाद निकोल में रोड शो निकालेंगे। रविवार को भगवंत मान और केजरीवाल स्वामीनारायण मंदिर जाएंगे। इसके बाद कल शाम 5 बजे उनकी पंजाब वापसी होगी। आम आदमी पार्टी में केजरीवाल के बाद भगवंत मान चुनाव के लिए बड़ा चेहरा बने हैं।
पंजाब के सहारे गुजरात में मुकाबले की तैयारी आम आदमी पार्टी अभी तक दिल्ली तक सीमित थी। दूसरे राज्यों में वह कभी बहुमत नहीं पा सकी। दिल्ली के बाद पंजाब ऐसा राज्य है, जहां आप की सरकार बनी। खास बात यह है कि यहां वह 117 में से 92 सीटें जीत गए। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी अब गुजरात में भी भरोसा दे रही है कि जिस तरह पंजाब में उन पर लोगों ने भरोसा किया, उसी तरह गुजरात के लोग भी कर सकते हैं। वहीं केजरीवाल के साथ भगवंत मान की मौजूदगी इस बात को पुख्ता करती है कि वह गुजरात चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ रहे हैं।
केजरीवाल के बाद भगवंत मान बने बड़ा चेहरा आम आदमी पार्टी में पहले अरविंद केजरीवाल ही पार्टी का चेहरा था। हालांकि पंजाब में सरकार बनने के बाद CM भगवंत मान भी यहां फिट बैठ रहे हैं। खासकर, सरकार बनने के बाद उनके लिए फैसले लोगों को खूब रास आ रहे हैं। नेताओं की सुरक्षा में कटौती से लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर, विधायकों को सिर्फ एक ही पेंशन के फैसले से लोग खुश हैं।
वहीं 25 हजार सरकारी नौकरियों से बेरोजगारों और 35 हजार कच्चे कर्मचारी पक्के करने के ऐलान से कर्मचारी वर्ग भी खुश है। वहीं चंडीगढ़ पर विधानसभा में प्रस्ताव पास करवाने के स्टैंड से आप दूसरे राज्यों को भरोसा दे रही है कि अगर पूरी पावर मिले तो वह राज्य के हक में डटकर काम करने में समर्थ हैं।
हिमाचल भी जाएंगे मान आम आदमी पार्टी की नजर अब पहाड़ी प्रदेश हिमाचल पर भी है। CM भगवंत मान वहां भी जा रहे हैं। यहां 6 अप्रैल को वह अरविंद केजरीवाल के साथ मंडी में रोड शो निकालेंगे। यह हिमाचल के CM जयराम ठाकुर का गृह जिला है।