मान्यवर चंडीगढ़ के सरकारी कर्मचारियों पर केंद्रीय नियम लागू करने को लेकर राजनीतिक घमासान मच गया है। कांग्रेस और अकाली दल का कहना है कि इससे सीधे तौर पर चंडीगढ़ के ऊपर पंजाब का कंट्रोल खत्म कर दिया गया है। पहले चंडीगढ़ के कर्मचारियों पर पंजाब सिविल सर्विस रूल्स लागू होते थे। अब रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने सेंट्रल सर्विस रूल्स की घोषणा कर दी। आज इसका नोटिफिकेशन भी जारी किया जा रहा है।
कांग्रेस ने पंजाब के CM भगवंत मान को तुरंत इस पर चुप्पी तोड़ने को कहा है। उन्होंने मान को पूछा कि क्या यह इस मुद्दे पर भाजपा को सपोर्ट कर रहे हैं। अगर नहीं तो अपनी स्थिति स्पष्ट करें क्योंकि इससे चंडीगढ़ पर पंजाब का हक कमजोर हो रहा है।
खैहरा बोले- UP, बिहार के कर्मचारी आएंगे, राज्यसभा MP विरोध करें कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा ने कहा कि केंद्र के इस फैसले से अब पंजाब के बजाय उत्तर प्रदेश और बिहार के कर्मचारी चंडीगढ़ में आएंगे। उन्होंने राज्यसभा के नए चुने सांसदों को कहा कि वह केंद्र के इस तानाशाही फैसले का विरोध करें।
चंडीगढ़ पर खत्म हो रहे पंजाब के हक पूर्व कांग्रेस डिप्टी सीएम MLA सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि पहले BBMB में पंजाब को पीछे किया। अब पंजाब का चंडीगढ़ पर हक खत्म करने की कोशिश की जा रही है। चंडीगढ़ पर पंजाब का कंट्रोल खत्म कर दिया गया है।
पंजाब पुनर्गठन एक्ट का उल्लंघन : चीमा अकाली दल के प्रवक्ता डॉ. दलजीत चीमा ने कहा कि चंडीगढ़ में 60% पंजाब और 40% हरियाणा के कर्मचारी तैनात होते थे। कर्मचारियों पर पंजाब सिविल सर्विस रूल्स लागू होते थे। उन्होंने कहा कि पंजाब से चर्चा किए बिना ही इस तरह का तानाशाही पूर्ण फैसला ले लिया गया। उन्होंने इसे पंजाब पुनर्गठन एक्ट 1978 का उल्लंघन करार दिया।
सिसोदिया बोले- AAP से डर रही भाजपा आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि 2017 से 2022 तक पंजाब में कांग्रेस का राज रहा। गृह मंत्री अमित शाह ने तब चंडीगढ़ के अधिकार नहीं लिए। जैसे ही पंजाब में AAP की सरकार आई तो चंडीगढ़ के कर्मचारियों को केंद्रीय रूल्स के अधीन कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आप को बढ़ते देख भाजपा डर रही है।
कर्मचारियों को होगा फायदा पंजाब की जगह केंद्रीय रूल्स लागू होने से यहां कर्मचारी जरूर फायदे में रहेंगे। अब उनकी रिटायरमेंट की उम्र 58 की जगह 60 हो जाएगी। प्रोबेशन पीरियड भी 3 साल की जगह एक साल का हो जाएगा। चाइल्ड केयर लीव भी 1 की जगह 2 साल हो जाएगी। भर्ती की आयु सीमा अब 37 की जगह 28 साल हो जाएगी।