मान्यवर पंजाब विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। सीएम भगवंत मान ने विधानसभा में घोषणा की कि राज्य में शहीद-ए-आजम भगत सिंह के शहीदी दिवस 23 मार्च को छुट्टी रहेगी। मान ने कहा कि पिछली सरकार ने इसे केवल नवांशहर तक सीमित रखा था। अब वह नवांशहर तक सीमित नहीं रहेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पंजाब विधानसभा में शहीद-ए-आजम भगत सिंह और डाक्टर भीमराव अंबेडकर का बुत लगाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि शेर-ए-पंजाब पंजाब महाराजा रणजीत सिंह का भी बुत लगना चाहिए, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया। भगत सिंह, अंबेडकर और महाराजा रणजीत सिंह के बुत लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
मुख्यमंत्री के पूरे पंजाब में छुट्टी के प्रस्ताव पर कांग्रेस के विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि छुट्टी से शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने के स्थान पर कालेजों व स्कूलों में भगत सिंह के संघर्ष की कहानी बताई जाए, जिस पर मुख्यमंत्री ने राजा वडिंग से पूछा कि क्या आपको पता है कि भगत सिंह का जन्मदिन कब है। इस पर वडिंग ने अनभिज्ञता जाहिर की।