मान्यवर पंजाब चुनावों में आम आदमी पार्टी की जबरदस्त जीत के बाद भगवंत मान संगरूर में पहली बार घर की छत पर बने मंच से पंजाबियों के रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी मां को गले लगा लिया। इस क्षण उनकी मां हरपाल कौर भावुक हो गईं। वहीं मान ने जीत के बाद पहले भाषण में पंजाब के लोगों से कहा कि आप लोगों ने अपनी जिम्मेदारी निभा दी है। अब उनकी बारी है।
संगरूर स्थित घर की छत पर सजे मंच से सबसे पहले भगवंत की बहन और मां ने लोगों का आभार जताया। मान की बहन मनप्रीत ने कहा कि ये पूरे पंजाबियों की जीत है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए ये गर्व की बात है, मेरे भाई को जो सम्मान व स्नेह मिला है, मैं उससे खुश हूं। आशा है कि स्नेह मिलता रहेगा और भाई भी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। किसी भी बहन के लिए भाई को आगे बढ़ता देखना गर्व की बात है। वहीं उनकी मां हरपाल कौर ने कहा कि, पूरे पंजाब का धन्यवाद, जिसने हमें इतना सम्मान दिया। भावुक होकर उन्होंने माइक छोड़ दिया।
मान बोले फार्म हाउसों से नहीं, पंजाब अब गांवों से चलेगा भगवंत मान ने अपने भाषण की शुरुआत इंकलाब जिंदाबाद के नारे से की। वाहेगुरु का शुकराना अदा किया और। मान ने वाहेगुरु जी का खालसा जयकारा लगाया और इसके जबाब में जुटी भीड़ ने वाहेगुरु जी की फतेह कह कर इसे पूरा किया। मान ने दिल की गहराइयों से सभी का धन्यवाद किया और पंजाबी में अपनी बात रखते हुए विरोधियों पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि भाइयो आपने देखा होगा कि विरोधी दलों के नेताओं ने कितनी गलत टिप्पणियां कर हमारी बेइज्जती की।
उन्होंने कहा कि मंच से कहना चाहता हूं कि इन नेताओं के अब के व्यवहार के लिए उन्हें माफ करते हैं। लेकिन वह इन्हें पौने तीन करोड़ पंजाबियों की इज्जत करना सिखवाएंगे। उन्होंने कहा कि लोग कचहरी, तहसील जाते हैं। जवाब मिलता कि साहब तो बुधवार को आएंगे या वीरवार को आएंगे। अब लोगों को सरकारी दफ्तर में जाने की जरूरत नहीं होगी। बुधवार-वीरवार वाले अधिकारी खुद ही आपके पास आएंगे। अब पंजाब फार्म हाउस या मोदी हाउस से नहीं बल्कि गांवों से चलेगा।
लिख कर दिया था चन्नी साहब हारेंगे भगवंत मान ने कहा कि सुखबीर बादल हाथ जोड़े। मान बोले कि उन्होंने लिखकर दिया था कि चन्नी साहब हारेंगे। हार गए न। अब मानते हो। जिन्होंने “आप” को वोट दी, उनका धन्यवाद। जिन्होंने नहीं दी, उनका भी धन्यवाद। मुख्यमंत्री सारे पंजाब का है। सबसे पहले मुझे बेरोजगारों की चिंता है। मुझे बेरोजगारी दूर करनी है। राजनीति नेताओं के झांसे से बाहर निकालेंगे। नौजवानों के हाथों में टीके थे। यूक्रेन के हालात देख लो। यहां पर डेढ़ करोड़ रुपये डॉक्टरी का लगता है।
सरकारी कार्यालयों में भगत सिंह और अंबेडकर की तस्वीर लगेगी अपने भाषण में भगवंत मान ने कहा कि धीरे-धीरे पंजाब को पटरी पर लाएंगे। एक महीने में अंतर नजर आ जाएगा। किसी भी सरकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं लगेगी। भगत सिंह और अंबेडकर की फोटो लगेगी। एक ने आजादी दिलवाई, दूसरे ने संविधान बनाया। हम गांव में शपथ लेंगे। सब मिलकर काम करेंगे। शिक्षा, बिजली, अस्पताल सब का विकास करेंगे। मां-बहन का मान-सम्मान बढ़ेगा। खेल को आगे लेकर आएंगे। हर गांव में ट्रैक बनाएंगे, स्टेडियम तैयार करेंगे। बच्चे सड़कों पर रिस्क लेकर दौड़ लगाते हैं।