मान्यवर पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को जिताने के लिए खुद प्रियंका गांधी मैदान में उतरने जा रही हैं। प्रियंका गांधी मंगलवार को अमृतसर ईस्ट विधानसभा इलाके में लोगों से वोट मांगेगी। वह सिद्धू के हलके के बटाला रोड एरिया में रोड शो करके वोट की अपील करेगी। बता दें कि सिद्धू ने दो दिन पहले प्रियंका की जनसभा में बोलने से इंकार कर दिया था। अब उनकी नाराजगी को दूर करने के प्रयास हो रहे हैं।
18 साल में पहली बार कड़े मुकाबले में फंसे
अमृतसर ईस्ट विधानसभा सीट पर इस बार नवजोत सिंह सिद्धू अपने 18 साल लंबे सियासी जीवन मे पहली बार मुश्किल में फंसे नज़र आ रहे हैं। उन्हें अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के अलावा आम आदमी पार्टी की कैंडिडेट जीवनजोत कौर से टक्कर मिल रही है। खुद सिद्धू पिछले कई दिनाें से अपने इलाके में डोर टू डोर प्रचार में जुटे हैं।
ऐसे में अब अपने प्रदेश प्रधान को जिताने के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की महासचिव प्रियंका गांधी मैदान में आ रही हैं। इससे पहले प्रियंका गांधी ने रविवार को ही पंजाब के कोटकपूरा, धूरी और डेराबस्सी विधानसभा हलकों में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया था।
सिद्धू ने जारी किया रोड शो का पोस्टर
अमृतसर ईस्ट विधानसभा हलके के एरिया में प्रियंका गांधी के रोड शो की जानकारी खुद नवजोत सिंह सिध्दू ने दी। सिद्धू ने सोमवार दोपहर बाद बाकायदा एक पोस्टर जारी किया जिसमें उनकी ओर से रोड शो करने आ रही प्रियंका गांधी के स्वागत की बात कही गई। सिद्धू की ओर से जारी पोस्टर के मुताबिक प्रियंका गांधी मंगलवार शाम 4 बजे बटाला रोड पर बने BRTS फ्लाईओवर के पिलर नंबर 37 से रोड शो की शुरुआत करेंगी।
एक रोड शो से दो इलाके कवर
प्रियंका गांधी के इस रोड शो से एक साथ दो विधानसभा हलके कवर हो जाएंगे। बटाला रोड के एक तरफ अमृतसर ईस्ट तो दूसरी तरफ अमृतसर नॉर्थ सीट पड़ती है। हालांकि यहां ज्यादातर इलाका अमृतसर ईस्ट सीट का ही है जहां से नवजोत सिंह सिद्धू प्रत्याशी हैं।