मान्यवर विधानसभा क्षेत्रों और क्षेत्रफल के हिसाब से पंजाब के सबसे बड़े जिले लुधियाना में 14 हलकों में 6 पूर्व कैबिनेट मंत्री चुनावी दंल में किस्मत आजमा रहे हैं। पूर्व मंत्रियों के मैदान में होने से जिले के इन हलकों में मुकाबले काफी रोचक हो गए हैं।
पंजाब में सरकार भले ही कांग्रेस की हो या शिरोमणि अकाली दल (बादल) और भाजपा की, हर सरकार ने लुधियाना जिले से एक मंत्री जरूर बनाया है। हाल ही में जिले से दो कैबिनेट मंत्री सरकार में रहे हैं। इनमें एक कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू पांच साल मंत्री रहे और गुरकीरत कोटली 111 दिन तक चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार में मंत्री रहे। आशू लुधियाना वेस्ट हलके से और गुरकीरत सिंह कोटली खन्ना विधानसभा क्षेत्र से इस बार भी चुनाव मैदान में हैं।
वहीं, हरचरण सिंह बराड़ की सरकार में स्टेशनरी विभाग के मंत्री रहे राकेश पांडे कांग्रेस के टिकट पर फिर लुधियाना नॉर्थ से चुनाव लड़ रहे हैं। साथ ही, अकाली दल से कैबिनेट मंत्री रहे महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल, हीरा सिंह गाबड़िया और शरणजीत सिंह ढिल्लों क्रमश लुधिया वेस्ट, साउथ और साहनेवाल विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव में पूर्व मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इन मंत्रियों के मैदान में आने के बाद चुनावी मुकाबले फिर से रोचक हो गए हैं।