मान्यवर:-एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र में शनिवार की सुबह गांव बाबरपुर के पास नहर में एक महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। उसकी शिनाख्त अभी नहीं हुई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
गांव बाबरपुर के ग्रामीण शनिवार की सुबह खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने नहर में महिला का शव पड़ा देखा। धड़ से सिर गायब था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया।
घटनास्थल के आसपास घास पर खून के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने जांच के लिए खून के नमूने लिए हैं। वहीं पुलिस ने महिला का कटा सिर ढूढ़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व में 18 नवंबर को एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी भी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। अब एक और महिला का शव मिला है। जिसके धड़ से सिर ही गायब है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।