मान्यवर:-कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद आज दिल्ली में टीएमसी में शामिल हो गए। ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद उन्होंने टीएमसी का दामन थामा। आजाद ने कहा, मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में मैं देश के विकास के लिए काम करूंगा। आज देश को उनके जैसे व्यक्तित्व की जरूरत है जो देश को सही दिशा दे सके।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के करीबी अशोक तंवर भी मंगलवार को दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस में शामिल होंगे। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। ममता बनर्जी दो दिनों के दिल्ली दौरे पर आई हैं और इस दौरान वह विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात कर रही हैं।
बता दें कि हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर ने फरवरी माह में राष्ट्रीय ‘अपना भारत मोर्चा’ नाम से नई राजनीतिक पार्टी की शुरुआत की थी। अशोक तंवर राहुल गांधी के करीबी नेताओं में से एक रहे हैं।
तंवर 2009 से 2014 तक सिरसा से सांसद रहे और अक्तूबर 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनावों से कुछ दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़ दिया था। टिकट वितरण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी और कांग्रेस प्रमुख के आवास 10 जनपथ के बाहर प्रदर्शन भी किया था।
दिल्ली पहुंची ममता बनर्जी से मंगलवार को गीतकार जावेद अख्तर और राजनेता सुधींद्र कुलकर्णी मिलने पहुंचे। दोनों ने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के दिल्ली स्थिति आवास पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से मुलाकात की।