You are currently viewing इंदौर लगातार पांचवीं बार चुना गया , देश का सबसे साफ शहर

इंदौर लगातार पांचवीं बार चुना गया , देश का सबसे साफ शहर

मान्यवर:-मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की साफ-सफाई का डंका फिर से पूरे देश में बजा है | बता दें कि इंदौर लगातार पांचवीं बार देश का सबसे साफ शहर चुना गया है | शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 समारोह के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इंदौर को सफाई के मामले में देश का नंबर वन शहर घोषित किया | साथ ही 12 करोड़ रुपए का सफाई मित्र अवार्ड दिया | इसके साथ ही इंदौर को 5 स्टार रेटिंग भी दी गई है | बता दें कि सफाई के मामले में इंदौर के बाद गुजरात के सूरत और आंध्र के विजयवाड़ा शहर का नाम है |

वहीं लगातार पांचवीं बार देश का सबसे साफ शहर बनने की खुशी इंदौरवासियों में साफ देखी गई. लोगों ने कहीं केक काटकर तो कहीं ढोल की थाप पर नाचकर अपनी खुशी का इजहार किया | इंदौर नगर निगम दफ्तर, राजवाड़ा, 56 दुकान, खजराना गणेश समेत शहर के 10 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर विशेष साज सज्जा की गई है | नगर निगम दफ्तर के बाहर अधिकारियों-कर्मचारियों ने केक काटने के साथ जमकर आतिशबाजी की |

इस दौरान निगम कर्मचारी ढोल बाजे की धुन पर नाचते दिखाई दिए | वहीं छत्तीसगढ़ को देश का सबसे साफ राज्य का अवार्ड दिया गया है | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया | छत्तीसगढ़ के सबसे ज्यादा 61 निकायों को स्वच्छता पुरस्कार मिला है | बता दें कि छत्तीसगढ़ लगातार तीसरी बार देश का सबसे साफ राज्य चुना गया है | इससे पहले साल 2019 और 2020 में भी छत्तीसगढ़ को यह अवार्ड मिला था | सबसे साफ गंगा शहर वाराणसी को चुना गया है |

स्वच्छता सर्वेक्षण कार्यक्रम 2021 में शहरी एवं आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्य मंत्री कौशल किशोर भी मौजूद रहे | सीएम बघेल ने स्वच्छतम राज्य के पुरस्कार को जीतने का श्रेय छत्तीसगढ़ की पौने तीन करोड़ की आबादी को दिया | एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में विटा, लोनावाला और सासवद, सभी महाराष्ट्र के शहर, सबसे साफ शहर चुने गए हैं | अमहदाबाद कैंट इलाके को देश में सबसे साफ कैंट इलाका चुना गया है |

इंदौर के लगातार पांचवीं बार देश का सबसे साफ शहर चुने जाने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी खुशी जाहिर की है | सीएम ने ट्वीट करते हुए इंदौर की जनता को बधाई दी और लिखा कि “अरे वाह भिया, छा गया अपना इंदौर फिर से, इंदौर अद्भुत है, गजब है | धन्य है इंदौर की जनता, इंदौर की जनता को मेरा प्रणाम, जिन्होंने इंदौर को लगातार 5वीं बार स्वच्छता में शीर्ष पर बनाए रखा | बधाई जनप्रतिनिधियों को, सांसद, विधायक, प्रशासन, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों को |