मान्यवर:-केएन काटजू मार्ग इलाके में कार चालक को चालान काटने के लिए रोकना यातायात पुलिस के एएसआई को भारी पड़ गया। आरोपी चालक ने पहले उसके साथ गाली गलौज की और फिर हाथापाई कर एएसआई का अंगूठा दांत से चबा लिया।
आस पास मौजूद अन्य पुलिसकर्मी और लोगों ने बड़ी मुश्किल से उसपर काबू पाया और घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की कार भी जब्त कर ली।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की पहचान पीतमपुरा निवासी पीयूष बंसल के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर यातायात पुलिस में तैनात एएसआई दलेल सिंह सेक्टर 11 रोहिणी की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की जांच कर रहे थे। तभी कार से आ रहे युवक को रोका। उसने सेफ्टी बेल्ट नहीं लगा रखी थी।
पुलिसकर्मी ने युवक को कागजात दिखाने के लिए कहा। लेकिन आरोपी ने कागजात दिखाने से मना कर दिया और खुद को विदेश में रहने और वहां के यातायात नियमों की बातों करने लगा। काफी समझाने के बाद सिपाही जगदीश ने कार की चाबी निकाल ली।
इसके बाद आरोपी अचानक गाली गलौज और हाथापाई करने लगा। जब दलेल सिंह ने विरोध किया तो आरोपी ने अंगूठा दांतो से चबा लिया। पुलिसकर्मियों और लोगों से आरोपी को पकड़कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।