मान्यवर:-अल्मोड़ा। पौधार की जानी मानी सामाजिक कार्यकर्ता एलिजाबेथ व्हीलर का काठगोदाम में निधन हो गया है। 84 साल की व्हीलर पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। एंग्लो इंडियन समुदाय से ताल्लुक रखने वाली व्हीलर ने अपना पूरा जीवन समाज के दबे कुचले गरीबों, असहाय ग्रामीणों की सेवा में समर्पित कर दिया।
उन्होंने कई अनाथ बच्चों का पालन पोषण कर उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाई थी। वॉल्टर व्हीलर सेवा समिति के माध्यम से व्हीलर ने अल्मोड़ा में परिवार परामर्श केंद्र का कई वर्षों तक संचालन कर बहुत से परिवारों को जोड़ने का काम भी किया। व्हीलर एसएसबी की ओर से संचालित राइफल ट्रेनिंग में लगातार सक्रिय रहती थीं।
महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों, सामाजिक कुरीतियों के अलावा वे कानूनी सहायता भी देती थीं। सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न संस्थाओं ने सम्मानित किया था। पौधार स्टेट उनकी तमाम गतिविधियों का केंद्र था। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने व्हीलर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व 18 अक्तूबर को उन्हें देखने गया था। वे बेहद तकलीफ में थीं।
उन्होंने मुझे छोटे भाई की तरह प्यार दिया। सामाजिक आंदोलनों के चलते लखनऊ के राजनीतिक गलियारों और प्रशासन पर उनका प्रभाव था। इसके चलते ही वे लोगों की काफी मदद भी कर पाती थीं। पिछले काफी समय से वे बीमार थीं और काठगोदाम में रह रही थीं। व्हीलर ने आजीवन परिवार नहीं बनाया। अकूत संपत्ति होते हुए भी जीवन के अंतिम दिनों में वे अभाव में ही रहीं।