You are currently viewing पंजाब विधायक “सिमरजीत सिंह बैंस” के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप , लगाने वाली महिला ने अपनी शिकायत ली वापस

पंजाब विधायक “सिमरजीत सिंह बैंस” के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप , लगाने वाली महिला ने अपनी शिकायत ली वापस

मान्यवर:-लोक इंसाफ पार्टी (लिप) प्रमुख और विधायक सिमरजीत सिंह को कुछ राहत मिल गई है। उनके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली एक महिला ने अपनी शिकायत वापस ले ली है। शिकायत वापस लेने के बाद महिला ने कांग्रेसी नेता कंवलजीत सिंह कड़वल और हलका आत्मनगर से शिअद प्रत्याशी हरीश राय ढांडा पर आरोप जड़ते हुए उन्हें कठघरे में खड़ा कर दिया है।

शिकायतकर्ता का साफ कहना है कि दोनों नेताओं के दबाव के चलते उसने शिकायत दी थी। वहीं, विधायक बैंस पर पहले दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा चुकी एक अन्य पीड़िता आज भी अपने स्टैंड पर कायम है। वह विधायक की गिरफ्तारी को लेकर अब भी पुलिस कमिश्नर दफ्तर के चक्कर लगा रही है।

सबसे पहले एक महिला ने विधायक बैंस के खिलाफ दफ्तर में बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप जड़ा था। इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर दफ्तर में दी थी। पीड़िता का आरोप था कि 4 अगस्त 2020 से एक अक्तूबर 2020 तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। पुलिस पीड़िता की शिकायत को जांच के नाम पर लटकाती रही। आखिरकार पीड़िता के पक्ष में शिअद नेता भी मैदान में उतर आए।

पीड़िता ने स्थानीय अदालत में एक याचिका दायर की। 7 जुलाई 2021 को याचिका पर सुनवाई करते अदालत ने विधायक बैंस सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए। 15 जुलाई तक इसकी रिपोर्ट अदालत में पेश करने के लिए कहा गया। 12 जुलाई को पुलिस ने विधायक बैंस सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

इस मामले के बाद शहर निवासी एक अन्य महिला ने भी विधायक बैंस पर दुष्कर्म के आरोप जड़ते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। इस शिकायत पर भी पुलिस अभी जांच कर रही थी कि 20 अक्तूबर को उक्त महिला ने अपनी शिकायत को वापस ले लिया। शिकायत वापस लेने वाली महिला ने साफ कहा कि कांग्रेसी नेता कड़वल और शिअद नेता ढांडा के दबाव के चलते उसने शिकायत दी थी। जिसे वह अब वापस ले रही है।