मान्यवर:-नाभा की नई जिला जेल में गुरुवार देर शाम मामूली बात को लेकर एक कैदी ने दूसरे के पेट में चम्मच से बने चाकू को घोंपकर कत्ल कर दिया। खबर लिखे जाने तक नाभा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
गौरतलब है कि नाभा की नई जिला जेल में इस तरह की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले इस जेल में डेरा प्रेमी महिंदरपाल बिट्टू का कत्ल कर दिया गया था। नाभा के डीएसपी राजेश छिबर ने बताया कि गुरुवार देर शाम नई जिला जेल में नशे की तस्करी के केस में बंद सोनू निवासी बटाला की अपनी बैरक में बंद सुखजिंदर सिंह (30) निवासी सरहिंद से लड़ाई हो गई।
दरअसल, सोनू कहने लगा कि वह उस जगह सोएगा, जहां सुखजिंदर सिंह सोता है लेकिन सुखजिंदर सिंह नहीं माना। इसी बात से भड़के सोनू ने चम्मच का चाकू बनाकर सुखजिंदर सिंह के पेट में मार दिया। जेल प्रशासन की ओर से घायल सुखजिंदर सिंह को नाभा अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सुखजिंदर सिंह भी नशे की तस्करी के केस में ही जेल में बंद था। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने सोनू के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया था। डीएसपी ने कहा कि जल्द ही आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।