मान्यवर:-प्रतापगढ़ में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके अलावा भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता की कई गाड़ियों को पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे मौके पर हड़कंप मच रहा। कार्यक्रम में आए लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। घटना को लेकर घंटों अफरा तफरी मची रही।
प्रतापगढ़ के सांगीपुर ब्लॉक में शनिवार को गरीब कल्याण मेले का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी और उनकी बेटी और कांग्रेस की विधायक आराधना मिश्रा मोना मौजूद थीं। इसी बीच भाजपा के सांसद संगम लाल गुप्ता अपनी कई गाड़ियों के काफिले के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों नेताओं के समर्थक एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते स्थित बेकाबू होने लगी और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे से उलझ गए।
कुछ ही देर में जमकर मारपीट शुरु हो गई। कांग्रेसियों की संख्या अधिक होने के कारण भाजपाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। कांग्रेसी यहीं नहीं रुके और पथराव कर भाजपा सांसद की फार्च्यूनर सहित कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के चलते मौके पर अफरी तफरी मची रही। गरीब कल्याण मेले में आए लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे पर पहले मारपीट का आरोप लगाते रहे। पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने पुलिस से भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत की।











